logo

सतबरवा प्रखंड कार्यालय में BDO को नदारद देख भड़के पलामू DC, कार्यशैली सुधारने की दी नसीहत

a2419.jpg

पलामू:

पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को सतबरवा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दफ्तर में कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाखुशी जाहिर की। प्रखंड कार्यालय में बीडीओ सह अंचलाधिकारी कृष्णा मुरारी तिर्की नहीं मिले तो उपायुक्त ने उनसे फोन पर जवाब-तलब किया। उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया है कि डीसी ऑफिस से अनुमति मिलने पर ही जिला मुख्यालय छोड़ें। बिना सूचना के दफ्तर से नदारद रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लिपिक दीपक कुमार ने किसी सवाल पर गलत जवाब दिया, जिसपर डीसी ने नाराजगी जाहिर की। डीसी ने फटकार लगाते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी गलती ना दोहराएं।

 

सरकारी सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सरकारी सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारी अपनी कार्यशैली सुधारें, अन्यथा कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ किया कि यदि आम नागरिकों को सरकारी दफ्तर में समस्या हुई तो संबंधित अधिकारी खामियाजा भुगतेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी समय पर दफ्तर पहुंचे, निर्धारित सीमा के भीतर काम निपटाएं और लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि सरकारी पद की कई जिम्मेदारियां हैं, जिनमें ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में सफाई रखने, पानी का लीकेज ठीक कराने और कार्यालय व्यवस्था को व्यस्थित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचल निरीक्षक से एनएच से जुड़े  कार्यों  की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा की। 

स्वास्थ्य उपकेंद्र और स्कूल का लिया जायजा
प्रखंड कार्यालय के बाद डीसी ने सतबरवा के स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी जायजा लिया और वैक्सीनेशन कराने आई महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर में बने जलमीनार को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने लैब टेक्नीशियन से अपना शुगर टेस्ट भी कराया। उपायुक्त ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय औरह बालिका उच्च विद्यालय  का भी निरीक्षण किया। 


 

Tags - Jharkhand NewsPalamu DCDilip Pratap Singh ShekawatPalamu News