logo

जर्नलिस्ट पर हमले के आरोपी की सूचना देने वाले को मिलेगा नगद ईनाम, रांची पुलिस ने की घोषणा

12832news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

रांची में वीडियो जर्नलिस्ट बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मिली ताजा जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमले में शामिल बदमाशों की जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। इधर मामले को लेकर रांची के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई को लेकर धरने पर बैठे हैं। कहा है कि दोषियों को पकड़े जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। 

प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने साधा निशाना
रांची पुलिस द्वारा बैजनाथ महतो पर हमला करने वालों की जानकारी देने पर ईनाम की घोषणा पर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि ये बताता है कि रांची पुलिस कितना असहाय हो चुकी है। घटना को 2 दिन बीत चुके हैं और अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर है। राजेश सिंह ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब रांची में ये हालात हैं तो बाकी प्रदेश का क्या होगा। राजधानी में ही अपराधी बेखौफ हैं। रांची में पत्रकार समुदाय में घटना को लेकर काफी नाराजगी है। पत्रकारों ने सुरक्षा के मसले पर सरकार को घेरा है। 

गिरफ्तारी तक जारी रहेगा आंदोलन
इधर रांची प्रेस क्लब में पत्रकार पर हमले के विरोध में धरने पर बैठे पत्रकारों ने कहा कि जब तक पुलिस हमले में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती आंदोलन जारी रहेगा। पत्रकारों ने कहा कि, वे जनहित के मुद्दे उठाते हैं। सरकार और जनता के बीच संवाद का काम करते हैं। अब पत्रकारों पर हमला होगा तो जिम्मेदारी किसकी है। 

बैजनाथ महतो की हालत गंभीर है
गौरतलब है कि वीडियो-फोटो जर्नलिस्ट बैजनाथ महतो शनिवार की देर रात तिरिल बस्ती के पास जख्मी हालत में मिले थे। वो बेहोश थे। उनके सिर और गले में गहरे जख्म के निशान थे। पीसीआर की टीम ने उनको रिम्स में भर्ती करवाया। अभी भी बैजनाथ महतो की हालत गंभीर बनी हुई है। पत्रकारों ने मांग की है कि जरूरत पड़ने पर सरकार को बैजनाथ को बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर भेजने की भी व्यवस्था करनी चाहिए। ये काफी जरूरी है।