logo

30 सितंबर को झारखंड बंद का ऐलान, इन मांगों को लेकर आंदोलनकारियों का राज्यव्यापी आह्वान

30 सितंबर को झारखंड बंद का ऐलान, इन मांगों को लेकर आंदोलनकारियों का राज्यव्यापी आह्वान

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

Jharkhand Band on September 30 : झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर 30 सितंबर यानी कल संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद से एक दिन पहले मंगलवार, 29 सितंबर को रांची समेत राज्य के कई इलाकों में आंदोलनकारियों और समर्थकों ने मशाल जुलूस निकालकर बंद को सफल बनाने की अपील की। रांची में बंद की पूर्व संध्या पर शहीद चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।

आंदोलनकारियों को सम्मान, पेंशन, आश्रितों को रोजगार जैसी मांगें शामिल 

मोर्चा का कहना है कि झारखंड आंदोलनकारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें आंदोलनकारियों को सम्मान, पेंशन, आश्रितों को रोजगार समेत अन्य मांगें शामिल हैं। संगठन के मुताबिक इन्हीं मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। बंद के समर्थन में राज्य के विभिन्न जिलों में भी जनसंपर्क अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। मोर्चा की ओर से कहा गया है कि चिकित्सा सहित आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा। 

वहीं, कुछ स्थानीय इकाइयों ने अपने स्तर पर बंद के दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों की घोषणा की है। अब 30 सितंबर को बंद के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में होने वाली स्थानीय गतिविधियों पर लोगों की आवाजाही और सामान्य जनजीवन पर असर निर्भर करेगा। प्रशासन की ओर से भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकती हैं।

Tags - Jharkhand Band Jharkhand Movement Ranchi Protesters Demands Jharkhand News