logo

केंद्रीय सदस्य हरेलाल महतो की गिरफ्तारी पर आजसू बोली, राजनीतिक विद्वेष के कारण हुआ ऐसा

10451news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड के सरायकेला-खरसावां की पुलिस ने आजसू के केंद्रीय समिति सदस्य और इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो को पश्चिम बंगाल के दीघा से शनिवार को गिरफ्तार किया था। हरेलाल के खिलाफ नीमडीह में पुलिस टीम पर हमला के मामले में वारंट था। बता दें कि सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत बामनी गांव में 23 अप्रैल को लगे मेले को कोविड 19 प्रोटोकॉल के तहत नियंत्रित करने पहुंची निमडीह पुलिस प्रशासन के साथ ग्रामीणों की हुई झड़प के मामले में आरोपी आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य हरेलाल महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बेबुनियाद आरोप लगा कर हुई गिरफ्तारी
आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देव शरण भगत ने बयान जारी करते हुए कहा कि केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो को राजनीतिक साजिश के तहत बेबुनियाद आरोप लगा कर गिरफ़्तार किया गया है। नीमडीह प्रखंड के बामनी गांव में हुई घटना को लेकर आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव एवं झारखंड के पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने 27 अप्रैल को ही इसकी न्यायायिक जांच के लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र भी लिखा था। लेकिन इस घटना की निष्पक्ष जांच के बजाय झारखंड पुलिस ने राजनीतिक इशारों पर काम करते हुए हरेलाल महतो को गिरफ्तार कर लिया। देवशरण भगत ने कहा कि हरेलाल महतो की लोकप्रियता से कुछ लोग घबराए हुए हैं। 

आजसू सड़क पर आंदोलन करेगी
केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि राजनीति में राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम नहीं होना चाहिए। लेकिन सत्ता पक्ष ने झूठे आरोप लगाकर हरेलाल महतो को फंसाया है। देव शरण भगत ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि आजसू पार्टी विद्वेष की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। आजसू पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे और जोरदार आंदोलन करेंगे।