द फॉलोअप टीम, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अपने वादों के साथ-साथ वार-पलटवार भी जारी है। इसी दौरान विधान परिषद की 8 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है और ये मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 4 सीटों पर कुल 59 प्रत्याशी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 4 सीटों पर कुल 43 प्रत्याशी चुनावी मैदान में खड़े हैं। बता दें कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी सीटों पर अलग-अलग बैलट बॉक्स का इंतजाम किया गया है।
4 लाख 48 हजार 302 मतदाता
इस चुनाव में 4 लाख 48 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी के लिए मतदान हो रहा है। वहीं दूसरी ओर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा के लिए वोटिंग हो रही है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए करीब 3 लाख 7 हजार पुरुष, एक लाख से ज्यादा महिलाओं समेत 4,07,889 वोटर वोटिंग करेंगे। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 31 हजार 694 पुरुष, 8 हजार 715 महिलाओं समेत कुल 40 हजार 413 वोटर मतदान करेंगे।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 59 उम्मीदवार
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के लिए जेडीयू और कांग्रेस के तीन-तीन उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं आरजेडी के चार और बीजेपी, एनसीपी और सीपीएम के 1-1 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। बता दें कि विधान परिषद के चुनाव में कुल 59 उम्मीदवारों में 58 पुरुष और एक महिला उम्मीदवार हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 633 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें...
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 43 उम्मीदवार
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बीजेपी ने 4, तो भाकपा ने 3 प्रत्याशी चुनाव में उतारे हैं। कांग्रेस, आरजेडी और सीपीएम से एक-एक उम्मीदवार विधान परिषद चुनाव में उतरे हैं। बता दें कि कुल 43 उम्मीदवारों में 40 पुरुष और 3 महिला उम्मीदवार चुनाव में हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 340 मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है।