logo

Crime : मानव तस्करी का शिकार नाबालिग ने दिया बच्ची को जन्म, पूरा मामला जान हैरान रह जाएंगे आप

f55fac82-d5d8-4871-abea-3063120de74c.jpg

द फॉलोअप टीम, सिमडेगाः
झारखंड में मानव तस्करी का धंधा विकराल रूप लेता जा रहा है। हर दिन कईयों की जिंदगी तस्करों के कारण बर्बाद होती जा रही है। ताजा मामला गुमला का है जहां एक मानव तस्करी का शिकार हुई एक नाबालिग लड़की ने 4 दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया है। लड़की की उम्र 16 साल है। 15 जनवरी को लड़की ने दिल्ली में बच्ची को जन्म दिया है।  जानकारी के मुताबिक 9 माह पहले सिमडेगा के कोलेबिरा की महिला मानव तस्कर लड़की को दिल्ली लेकर गयी थी। लड़की की मां ने नवजात बच्ची को अपनाने से मना कर दिया है। नाबालिग को सीडब्ल्यूसी दिल्ली के संरक्षण में आश्रय गृह में रखा गया है। 


दिल्ली पुलिस से मिली सूचना 
दिल्ली पुलिस ने नाबालिग की मां को सूचित किया कि उसकी बेटी ने एक बच्ची को जन्म दिया है। मां बुधवार को सीडब्ल्यूसी गुमला पहुंची और बेटी को वापस गुमला लाने की गुहार लगा रही है। सीडब्ल्यूसी गुमला नाबालिग को दिल्ली से लाने की तैयारी कर रहा है। नाबालिग की मां ने बताया कि कोलेबिरा में उसके रिश्तेदार रहते हैं। 10 माह पहले उसकी बेटी कोलेबिरा गयी थी, जहां से कोई महिला उसकी बेटी को दिल्ली ले गयी। मां ने यह भी बताया कि वह अपनी बेटी को वापस लाने दिल्ली गयी थी लेकिन उससे मिलने नहीं दिया गया उसके बाद वह लौट आयी थी। 


पूरे मामले की होगी जांच
चेयरमैन सीडब्ल्यूसी गुमला कृपा खेस ने कहा है कि पीड़ित परिवार ने लिखित आवेदन दिया है। पूरे मामले की जांच होगी। प्रक्रिया के तहत पीड़ित परिवार के घर की जांच के बाद दिल्ली सीडब्ल्यूसी से संपर्क कर लड़की को गुमला लाया जायेगा।  साथ ही नवजात बच्ची को भी गुमला लायेंगे।