logo

जो गन्ने की कीमत दे न सका, वो जान की कीमत क्या जाने: प्रियंका गांधी

5219news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली :
"जिस किसान का अपमान नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, उसी का बेटा सीमा पर आपकी सुरक्षा कर रहा है।"  यह बातें किसान पंचायत, चाँदपुर-बिजनौर में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कही हैं। उन्होंने किसान महापंचायत के दौरान एकत्रित जनसैलाब का हार्दिक आभार जताया और कहा कि उत्तर प्रदेश अब एक नई इबारत लिखने जा रहा है। मजमे से उत्सांहित होकर उन्होंने एक शेर भी सुनाया, “भगवान का सौदा करता है, इंसान की कीमत क्या जाने, जो गन्ने की कीमत दे न सका,वो जान की कीमत क्या जाने।” प्रियंका ने अपने भाषण में 2017 से नहीं बढ़े गन्ने के दाम का सवाल प्रमुखता से उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन वायदों को भी याद कराया, जिसमें उन्होंने युवाओं को रोजगार देने और किसानों की आय दोगुना करने की बात कही थी।



15 हजार करोड़ में खरीदे जहाज, 10 हजार करोड़ किसानों का माफ नहीं
प्रियंका बोलीं कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में घूमने के लिए 15 हजार करोड़ रुपए में दो हवाई जहाज खरीदे। 20 हजार करोड़ रुपए में संसद और 20 हजार करोड़ रुपए में इंडिया गेट का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। लेकिन गन्ना किसान का बकाया चुकाने के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है। जबकि उत्तरप्रदेश में गन्ना किसानों का 10 हजार करोड़ रुपया बकाया है।



भाषण देने नहीं बातचीत करने आई हूं 
प्रियंका गांधी ने कहा, “मैं भाषण देने नहीं बातचीत करने आई हूं। जनता और नेता के बीच एक बहुत खास रिश्ता होता है। आप हमें बनाते हैं। हम मंच पर खड़े होते हैं तो खड़े करने वाले आप हैं। आप और हमारे बीच में भरोसे का रिश्ता होता है। वो जो एक भरोसा होता है उसी के बल पर आप एक नेता को आगे बढ़ाते हैं। क्योंकि आपको विश्वास होता है कि वो नेता आपके पक्ष में बोलेगा आपकी समस्याओं की सुनवाई करेगा। आपके दुख दर्द में आपके पास आएगा। और आपका प्रतिनिधित्व वो नेता करेगा। कभी कभी दिमाग में आता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में जनता ने दो बार विश्वास क्यों जताया। इसीलिए जताया होगा कि मन में उम्मीद रही होगी। कुछ भरोसा रहा होगा उनपे कि वो आपके लिए काम करेंगे।”