द फॉलोअप डेस्क
रांची में 10 लेन की स्मार्ट सड़क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। योजना की सभी प्रमुख अड़चनों को दूर कर लिया गया है। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है, जबकि इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 177 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले इस परियोजना में जमीन से जुड़ी समस्या सामने आई थी। विशेष रूप से नयासराय आरओबी बनने से पहले हटिया ग्रिड के कारण सड़क के अलाइनमेंट में दिक्कत आ रही थी। अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

योजना के तहत क्या-क्या होगा
इस परियोजना में विवेकानंद स्कूल मोड़ से जगन्नाथ मंदिर और हाईकोर्ट होते हुए नया आरओबी तक छह लेन का मुख्य मार्ग बनाया जाएगा। इसके साथ ही सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक और फुटपाथ जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। विवेकानंद स्कूल मोड़ से नया आरओबी तक करीब 6.089 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन मुख्य सड़क बनेगी। इसके अलावा नया आरओबी से न्यायालय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से में दो लेन की सड़क बनाई जाएगी तथा सड़क किनारे पेव्ड शोल्डर का भी निर्माण होगा।
.jpg)
सड़क पर सोलर लाइट और हाईटेक सुविधाएं
स्मार्ट सड़क के दोनों किनारों पर सोलर सिस्टम आधारित स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी, जिससे पूरी सड़क रोशन रहेगी। सड़क को आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता के साथ विकसित किया जाएगा। निर्माण में सभी सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस स्मार्ट सड़क को लोगों के लिए सुविधाजनक और आकर्षक बनाया जाएगा। जगह-जगह लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी। बीच-बीच में झोपड़ीनुमा स्थायी संरचनाएं बनाई जाएंगी, जो चारों ओर से खुली होंगी और जहां लोग बैठकर आराम कर सकेंगे। सड़क के बीच और किनारों पर पौधारोपण किया जाएगा तथा फूलों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे सड़क की सुंदरता और बढ़ेगी।