logo

मुखिया जी ने जनता को खिला दिया बासी मछली-भात, 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार

14008news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना:

इन दिनों बिहार में पंचायत चुनाव चल रहा है। मुखिया प्रत्याशी जनता को खुश करने के लिए एक से बढ़कर एक तरकीब लगा रहे हैं। इस बीच शिवहर के वर्तमान मुखिया व मुखिया प्रत्याशी अजय कुमार सिंह ने मछली भात भोज का आयोजन किया। वो बुरी तरह फंस गए हैं क्योंकि उन्होंने ग्रामीणों को बासी मछली भात परोस दी थी जिसे खाकर 150 लोग बीमार हो गए हैं। भोज बुधवार को होना था लेकिन मुखिया जी ने मंगलवार को ही 8 क्विंटल मछली बनवा दी थी। मछली को बने करीब 24 घंटा हो गया था। जिसे खाकर लोग बीमार हो गए। 

मछली खट्टा हो गया था 
भोज खाकर 150 लोग बीमार हो गए। घटना तारापुर पंचायत की है। ग्रामीणों ने बताया- "मछली में कुछ-कुछ खट्टापन आ गया था। इसके बावजूद वो खिलाया गया। एक ग्रामीण ने बताया कि  "शाम करीब 6 बजे गांव के ही चौक स्थित दवा दुकान पर गया। वहां कई लोग इस समस्या के शिकार मिल गए। सभी को पेट दर्द, सिर दर्द और उल्टी की शिकायत थी। ग्रामीणों ने बताया करीब 4 बजे भोज खाया। सब घर आ गए। कुछ देर में ही सबके पेट में मरोड़ होने लगी। दवा भी ली, पर ठीक नहीं हुई। इसके बाद तो गांव में अफरा तफरी मच गई। सब एक-एक कर अस्पताल पहुंचने लगे। बता दें शिवहर में 15 नवंबर को पंचायत चुनाव है। 

अस्पताल में नहीं है बेड
मरीजों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि अस्पताल में बेड की कमी हो गयी। सबको जमीन पर ही लिटाकर इलाज किया गया।  सूचना पर कई वरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे। बीमार लोगों के इलाज के लिए कई मेडिकल टीमें लगाई गई हैं। इसके बाद DM ने जांच का आदेश दिया। इसके बाद मुखिया प्रत्याशी पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, इसी बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह ने कहा- "विरोधियों ने साजिश के तहत फंसाया है।'