logo

देश की सुरक्षा पर चीन की ओर से गंभीर खतरा-वो पीछे हटने को तैयार नहीं 

देश की सुरक्षा पर चीन की ओर से गंभीर खतरा-वो पीछे हटने को तैयार नहीं 

शिवानंद तिवारी, पटना:

यह किस प्रकार की देशभक्ति है ! देश के अंदर जो कमजोर हैं उन पर बहादुरी आजमाइए। उनको प्रताड़ित कीजिए,  उनको डराइए और धमकाइए। पड़ोसियों के मामले में जिस पाकिस्तान को हम तीन-तीन मर्तबा युद्ध में हरा चुके हैं। हमारी वजह से पाकिस्तान एक से दो देश बन गया. उसके सामने ताल ठोकिए और चीन, जो हमारे देश की लाखों वर्ग मील जमीन पर कब्जा जमा कर बैठा है, उसके सामने दुम दबा लीजिए। मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी की चीन के समक्ष इस दुम दबाऊ नीति की गंभीर कीमत देश को चुकानी पड़ेगी।


2020 के जून महीने में अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी इलाके से भारतीय जनता पार्टी के सांसद तापीर गाव ने प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर बताया था कि चीन हमारी सीमा के अंदर पक्के और स्थाई ढांचे का निर्माण कर रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री जी ने अपने सांसद द्वारा दी गई जानकारी की सत्यता से इनकार किया और कहा कि यह सत्य नहीं है। अब तो पेंटागन यानी अमेरिकी रक्षा विभाग ही उक्त सांसद के बयान का तस्दीक कर रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने सांसद द्वारा दी गई अतिक्रमण की जानकारी की सत्यता से इनकार कर दिया था। प्रधानमंत्री द्वारा इस आरोप से इनकार करने से चीन का एक ठोस आधार मिल गया है। चीन कह रहा है कि उसने जो भी निर्माण किया है अपनी सीमा के अंदर किया है। अपने पक्ष मे वह प्रधानमंत्री जी के ही कथन का हवाला दे रहा है।


आजाद भारत के इतिहास में किसी भी सरकार ने अपने देश की भौगोलिक संप्रभुता के साथ ऐसा खिलवाड़ नहीं किया है। नेहरू के समय जब चीन हमारे इलाके में घुस आया था उसने पक्के निर्माण कर लिए थे तो उस समय विरोधी दल के नेताओं ने इस मसले पर व्हाइट पेपर निकाल कर देश को सही स्थिति की जानकारी देने की मांग की थी। सरकार ने व्हाइट पेपर निकाला और उसके जरिये संसद तथा देश को सही स्थिति की जानकारी मिली। इतना ही नहीं  62 के युद्ध में चीनी हमले में हमारे देश की बुरी गत बन गई थी। उस पर भी संसद में लंबी बहस हुई थी। विरोधी दल के ही एक सांसद ने सुझाव दिया था कि यह अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है। इस पर जब  संसद में चर्चा हो तो मीडिया के लिए उसे प्रतिबंधित कर दिया जाय। लेकिन जवाहरलाल नेहरू इस पर तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि देश की जनता को भी इस मामले की पूरी जानकारी पाने का अख्तियार है और उस चर्चा की विस्तृत खबर मीडिया में आई। आज तो हालत यह है की मीडिया का बड़ा हिस्सा मोदी सरकार के सामने दंडवत है।


देश की सुरक्षा पर चीन की ओर से गंभीर खतरा है। हमारी सीमा पर उसकी जबरदस्त तैयारी है। खबरों के अनुसार वह पीछे हटने को तैयार नहीं है। भले ही हमारे देश से उसको युद्ध क्यों न करना पड़े। दूसरी ओर देशभक्तों की सरकार देश को अंदर से ही विभाजित कर उसको कमजोर कर रही है। यह याद रखने की बात है कि देश की सुरक्षा सिर्फ सेना ही नहीं करती है बल्कि देश के तमाम नागरिक मजबूती के साथ एकजुट होकर देश पर आए किसी भी खतरे का मुकाबला करते हैं। आज हमारा देश अंदर से विभाजित है। जिस सरकार को देश के अंदर किसी भी तरह के तनाव या विभाजन को दूर कर तमाम नागरिकों मजबूती के साथ एकजुट रखने की जवाबदेही है। वही सरकार और उसके समर्थक देश को अंदर से विभाजित कर रहे हैं। यह अत्यंत गंभीर चिंता की बात है। देश के समक्ष चीन की ओर से जो गंभीर चुनौती है सरकार इसको भी छुपा रही है। हम सरकार से मांग करते हैं कि अभी अमेरिका के पेंटागन ने हमारी उत्तर पूर्व सीमा के अंदर चीन द्वारा जो स्थाई निर्माण की  जानकारी दी है उसके विषय में देश को सही सही जानकारी दी जाए।

 

 

 

(बिहार के भोजपुर में जन्मे लेखक शिवानंद तिवारी देश की लोहियावादी बिरादरी के अहम स्तंभ हैं। सेकुलरिज्म और समाजवादी विचारों के लिए उनकी पहचान है। राजद के उपाध्यक्ष हैं। राज्यसभा सांसद भी रहे।) 

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।