द फॉलोअप टीम, पलामू : पुलिस ने बुधवार की सुबह कार में पड़ी एक युवक की लाश बरामद की। घटनास्थल छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी का है। युवक को गोली मारी गई है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच में जुट गई है। बताया गया कि युवक बिहार के औरंगाबाद में रहता था, पर सुल्तानी घाटी में युवक की हत्या की गई या फिर कहीं और, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
मृतक बालू कारोबारी था
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान राहुल सिंह, औरंगाबाद (बिहार) के नवीनगर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में की गई। राहुल बालू उठाव के कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसकी हत्या किसने और क्यों की, इसके बारे में पुलिस जांच में जुटी हुई है। युवक की गर्दन के नीचे गोली लगने का निशान मिला है। वहीं, जिस कार में शव मिला, वो गाड़ी भी राहुल की ही है। अब पुलिसिया अनुसंधान के बाद ही हत्यारे का पता चल पाएगा।