logo

राजद कार्यालय में टिकट पाने के लिए महिला का अनिश्चितकालीन धरना जारी

1511news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना  
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद नेताओं में टिकट पाने की बेचैनी काफी बढ़ गई है। कोई टिकट पाने के लिये दर-दर घूम रहा है, तो कोई अपनी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ही धरना पर बैठा है। कुछ ऐसी ही तस्वीर राजद  कार्यालय पटना में सोमवार को देखने को मिली, जहां एक महिला नेत्री टिकट के लिए अनशन पर बैठ गई हैं।

2015 में लालू ने टिकट का वादा किया था
बेगूसराय जिला के तेघड़ा विधानसभा की नेत्री सुधा सिंह ने राजद कार्यालय में सोमवार से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि तेजस्वी यादव और पार्टी के शीर्ष नेता लगातार उनकी अनदेखी कर रहे हैं। लगातार समय मांगने पर समय नहीं देते और मुलाकात नहीं करते हैं, जबकि 2015 में ही लालू यादव ने हमें टिकट देने का आश्वासन दिया था, पर टिकट नहीं मिला था।

पार्टी में महिलाओं का अपमान
सुधा का कहना है कि इस बार भी मुझे नजरअंदाज किया जा रहा है। सुधा सिंह का यह भी कहना है कि पार्टी में महिलाओं का अपमान हो रहा है और अगर पार्टी हमें टिकट नहीं देती है तो मैं यूं ही अनिश्चितकालीन धरना पर बैठी रहूंगी। सुधा सिंह ने पार्टी के स्थानीय नेताओं पर भी कई आरोप लगाए। इससे पहले रविवार को बीजेपी में भी मंत्री विजय सिन्हा के विरोध में पार्टी के लखीसराय जिला के कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का घेराव करते हुए वहां से पार्टी का प्रत्याशी बदलने की मांग की थी।