logo

बहुत कमबख्त है कोरोना, मध्य प्रदेश के सीएम को धोने पड़ रहे हैं कपड़े और बनाने पड़ रहे हैं चाय

504news.jpg

द फॉलोअप टीम 
ये कोरोना भी बड़ा कमबख्त है। बड़े बड़े आदमी से वो सबकुछ करा रहा है, जो आम दिनों में वो नहीं करता। अब आप ही सोचिए न, किसी राज्य का मुख्यमंत्री भला अपने कपड़े खुद धोता है क्या ? लेकिन कोरोना ऐसा करा रहा है। जी हां, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों अपना कपड़ा खुद धो रहे हैं। सिर्फ अपने कपड़े ही नहीं बल्कि पीने के लिए चाय भी खुद ही बना रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान पिछले शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तब से वो भोपाल के चिरायु अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। इलाज के दौरान वो अपना सारा काम खुद कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि संक्रमित मरीज का काम किसी स्वस्थ आदमी को करने की इजाजत नहीं है, क्योंकि ऐसा करने से उसे भी संक्रमण का खतरा हो सकता है। 

कैबिनेट के साथियों से साझा किया अनुभव 
दरअसल शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कैबिनेट की वर्चुअल बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच अस्पताल में बिताए तीन दिनों के अनुभवों को साझा किया। इसी दौरान उन्होंने अपने साथियों को बताया कि वो अस्पताल में खुद अपने कपड़े धो रहे हैं और चाय बना रहे हैं। 
शिवराज की सेहत में सुधार 
सीएम शिवराज सिंह ने बताया कि उनकी सेहत में अब सुधार हो रहा है। पहले उन्हें बुखार था लेकिन अब बुखार नहीं आ रहा है। खांसी भी पहले की अपेक्षा कम हुई है। उन्होंने कहा कि वो खुद भी ठीक फील कर रहे हैं, जिससे ये पता चल रहा है कि संक्रमण खत्म होने की ओर है। 
शिवराज ने गिनाए कपड़े धोने के फायदे 
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने कैबिनेट के साथियों से बात करते हुए कपड़े धोने के फायदे भी बताए। उन्होंने कहा कि पहले मेरे हाथ का ऑपरेशन हुआ था। फिजियोथेरेपी बहुत कराई, फिर भी मुट्ठी पूरी तरह से बंद नहीं होती थी। कपड़ा धोने से अब बिना फिजियोथेरेपी के मुट्ठी बंद होने लगी है। इसलिए लगता है कि हमें छोटे-मोटे काम खुद करते रहना चाहिए।"
शिवराज की लोगों से अपील 
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने आम लोगों से अपील की कि वो बीमारी के लक्षण नजर आने पर घबराएं और छुपाए नहीं बल्कि जांच कराएं। क्योंकि यह लाइलाज बीमारी नहीं है। थोड़ी सी सावधानी और परहेज करने भर से ये बीमारी ठीक हो जाती है।