logo

तमाड़ में बोलीं कल्पना सोरेन- मंईयां सम्मान यात्रा से बहुत कुछ सीखने को मिला  

news05005.jpg

तमाड़
मंईयां सम्मान यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के रांची जिला के तमाड़ स्थित तोड़ांग  मैदान से शनिवार को हुई। मंईयां सम्मान यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री बेबी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन की सोच है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनायें। इसी कारण उन्होंने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को धरातल पर उतारा है, जिससे महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके खाते में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि की दो किस्त जा चुकी है। अब तीसरी किस्त भेजने की तैयारी है। 

विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि मंईयां सम्मान यात्रा से बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कार्यक्रम में आयीं हजारों महिलाओं को जोहार कहते हुए कहा कि जोहार हमें अपनी परंपरा, संस्कृति से जोड़ना सिखाता है। महिलाएं अपने मान-सम्मान के लिए संगठित होकर अपनी आवाज़ बुलंद करें। उन्होंने कहा कि झारखंड के जिस कोने में भी आप जाएँगे। आपको वीर शहीद जरूर मिल जाएँगे। ये वीर शहीदों की भूमि है, जिन्होंने अपने घर,परिवार की परवाह किए बग़ैर अपने प्राण न्योछावर कर दिये। जिस कारण आज हम झारखंड की भूमि पर खड़े है और गर्व से ख़ुद को झारखंडी कहते हैं। हमे उन सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। ऐसी ही कुछ सोच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की है, जो झारखंड और झारखंड की आधी आबादी यहाँ की महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के बनते ही पहली कैबिनेट में आदिवासियों पर लगे क़रीब 10 हज़ार केस हटाने का काम किया। उन्हें आदिवासियों की चिंता है। वह आदिवासी भाई-बहन की आवाज़ को सशक्त करना चाहते हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान यात्रा के पहले चरण से बहुत कुछ सीखने को मिला। 

 


झारखंड की महिलाओं के साथ खड़े हैं झारखंड के मुख्यमंत्री  
कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कोई महिला ख़ुद के लिए खड़ी हो, तो समाज में बहुत बड़े बदलाव हो सकते हैं और झारखंड की महिलाओं के साथ तो झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खड़े हैं। वे महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और मज़बूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले दो महीने के अंदर ही झारखंड की आधी आबादी को सम्मान देने का, सशक्त बनाने का और उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की ताक़त से ही हम आपके बीच आ रहे हैं। मंईयां सम्मान यात्रा के करण ही हमें मौक़ा मिला झारखंड के हर कोने में जाकर माताओं, बहनों से बात करने का, उनसे जुड़ने का। यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ही सोच थी की आपसे जुड़ा जाए, आपका आभार प्रकट किया जाए।

तमाड़ विधायक विकास मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच है कि महिलाएं सशक्त हों। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क़दम बढ़ाते हुए वह झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना लेकर आए हैं और इसे धरातल पर उतारने का काम किया है। झारखंड की आधी आबादी के मनोबल को ऊँचा रखने के लिए यह योजना लागू भी की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को लागू करने के लिए और उसे धरातल पर उतारने के लिए इच्छाशक्ति का होना बहुत ज़रूरी है। आपके चहेते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन में वो इच्छाशक्ति है। ये आपकी सरकार है। आपके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आपके हित को ध्यान में रख कर योजनाएं बना रहे हैं।  कार्यक्रम में रांची के उपायुक्त  मंजूनाथ भजंत्री, अप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण एवं हज़ारों की संख्या में महिलाएँ उपस्थित थीं।

 

Tags - Kalpana Soren Tamar Mainiya Samman Yatra Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand