द फॉलोअप टीम
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। काफी दिनों से खामोश बैठे पिता ने अचानक पटना के राजीवनगर थाने में सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ FIR दर्ज करायी है। दर्ज एफआईआर में रिया पर प्यार में सुशान्त को फंसाकर उसके पैसे निकालने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
पटना से मुंबई गई जांच टीम
पिता की ओर से राजीवनगर थाने में दर्ज करायी गई एफआईआर के बाद चार पुलिस वालों की टीम रिया से पूछताछ के लिए मुंबई पहुंच गई है। पटना से मुंबई गई टीम सुशांत की गर्लफ्रेंड से उन तमाम सवालों के जवाब जानने की कोशिश करेगी जो सुशांत के पिता ने उठाए हैं और जिसके आधार पर आरोप लगाए हैं। आपको बता दें कि रिया चक्रवर्ती से पहले भी मुंबई पुलिस ने करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। बाद में रिया चक्रवर्ती ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह से इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी।
14 जून को घर से मिली थी फंदे से लटकी लाश
सुशांत सिंह राजपूत की लाश उनके बांद्रा स्थित फ्लैट से फंदे से लटकी मिली थी। वो तारीख 14 जून की थी। तब ये बातें सामने आई कि सुशांत ने खुदकुशी कर ली है, लेकिन चूंकि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था लोग आजतक इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं कि आखिर सुशांत ने सुसाइड के रास्ते पर चलने का फैसला क्यों किया। तब से लेकर अबतक इस मामले की पड़ताल चल रही है।
कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ
आपको बता दें कि मुंबई पुलिस इस मामले में अभी तक रिया चक्रवर्ती, आदित्य चोपड़ा, संजय लीला भांसली और महेश भट्ट समेत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े चेहरों से पूछताछ कर चुकी है। खबर है कि जल्द ही फिल्म मेकर करण जौहर से भी पूछताछ की जाएगी।