द फॉलोअप डेस्क:
Pratap Das Arrest: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के आसनसोल (Asansol) में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रताप दास (Pratap Das) को गिरफ्तार करने के लिए बड़ा ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार, 27 नवंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रताप दास इलाके के इस्माइल क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और हिरापुर थाना पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस की टीमें संकरी गलियों में तलाशी लेते हुए उस मकान तक पहुंचीं, जहां प्रताप के छिपे होने की सूचना मिली थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के साथ मुठभेड़, पैर में लगी गोली
पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्रताप दास ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें प्रताप के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी प्रताप को सड़क पर घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ पुलिसकर्मी उसे हाथ-पैर से पकड़कर उठाते नजर आते हैं। इसके बाद उसे पुलिस की गाड़ी में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

दो दिन पहले भी पुलिस पर की थी फायरिंग
दरअसल, प्रताप दास को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 25 नवंबर को भी कार्रवाई की थी। आसनसोल के हिरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल इलाके में पुलिस की टीम उसे पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान प्रताप पर पुलिसकर्मियों की ओर फायरिंग कर फरार होने का आरोप लगा था। इसके बाद आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण और हिरापुर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से उसकी तलाश शुरू की थी। प्रताप पर साइबर ठगी समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। दो दिन तक तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।