logo

दिल्ली सरकार ने मीडिया के लिए खोला केजरीवाल का 'शीशमहल', बंगले में लगी वस्तुओं के साथ लगाया प्राइस टैग

दिल्ली सरकार ने मीडिया के लिए खोला केजरीवाल का 'शीशमहल', बंगले में लगी वस्तुओं के साथ लगाया प्राइस टैग

दिल्ली:

ये कोई म्यूजियम नहीं, बल्कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुराना सरकारी आवास है। दिल्ली की भाजपा सरकार ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पुराने सरकारी आवास को मीडिया के लिए खोल दिया है। यहां, आवास में लगे प्रत्येक चीज के साथ प्राइस टैग लगा दिया है। मसलन, डाइनिंग टेबल, टाइनिंग टेबल के ऊपर लगे झूमर, फर्नीचर, जकूजी, पर्दे और बेडरूम तक के साथ प्राइस टैग लगी है। इनमें उपरोक्त वस्तुओं की अनुमानित कीमत लिखी है। गौरतलब है कि केजरीवाल के सरकारी आवास के रूप में इस बंगले का निर्माण कराया गया था। भाजपा, विपक्ष में थी, तभी से इस घर को शीशमहल कहती आई है। 

 

20 लाख रुपये का टिकट लेकर घूम सकती है पब्लिक
गौरतलब है कि दिल्ली के इस कथित शीशमहल को पहली बार मीडिया के लिए खोल दिया गया है। यहां रखी चीजों में सबसे ध्यान खींच रहा है 6 लाख रुपये का जकूजी और 12 लाख रुपये का झूमर। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने कहा कि पब्लिक अकाउंट्स कमिटी द्वारा निरीक्षण किए जाने के बाद इस जगह को  आम जनता के लिए खोल दिया जायेगा। बताया जा रहा है कि केवल 20 रुपये का टिकट लेकर आम जनता पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस पुराने सरकारी आवास में घूम सकती है। भाजपा सरकार का तर्क है कि जनता यह देख सकेगी कि खुद को आम आदमी कहने वाले व्यक्ति ने उनकी गाढ़ी कमाई को कहां खर्च किया है।  बताया जाता है कि 58.83 करोड़ रुपये की लागत से इस शीशमहल का निर्माण कराया गया था। 

सभी वस्तुओं के आगे प्राइस टैग लगा दिया गया है
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने इस बंगले की नुमाइश की है। यहां जो प्राइस टैग लगाए गये हैं, उसके मुताबिक अरविंद केजरीवाल के बेटे का बेडरूम तकरीबन 1.11 करोड़ का, बेटी का बेडरुम करीब 83 लाख रुपये का,  मास्टर और गेस्ट बेडरुम की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये, जिम करीब 22 लाख रुपये, मसाज बेड करीब 4 लाख रुपये, डबल डोर फ्रिज करीब 4.5 लाख रुपये, 11.56 लाख रुपये का झूमर, 4 लाख रुपये की कीमत वाले बेड और 5.47 लाख रुपये का टू सीटर सोफा और टीवी यूनिट करीब 30 लाख रुपये का है। 

उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई नेता रहे मौजूद
भाजपा ने इस पुराने सीएम हाउस को आम जनता के लिए खोलते हुए आरोप लगाया है कि कभी सादगी और आम आदमी की राजनीति का दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का, क्या यही साधारण जीवन है। आज इस पुराने सीएम हाउस की मीडिया के लिए ओपनिंग के मौके पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा, भाजपा नेता कपिल मिश्रा और शाजिया इल्मी समेत अन्य लोग मौजूद थे। 
 

Tags - Sheesh MahalArvind KejriwalCM Rekha GuptaDelhi News