logo

2 किलो सोना, 20 Kg चांदी और 3.60 लाख कैश; DSP के घर छापे में मिली 300 करोड़ की संपत्ति

a687.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

एक डीएसपी के पास 300 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली है। मामला तेलंगाना का है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी का नाम संकीरेड्डी भीम रेड्डी है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने डीएसपी संकीरेड्डी भीम रेड्डी के घर से 2 किलो सोना, 20 किलो चांदी और 3 लाख 60 हजार रुपये कैश बरामद किया है।

केवल इतना ही नहीं, डीएसपी भीम रेड्डी के पास हैदराबाद के इब्राहीमबाग स्थित वेसेला मीडोज में लग्जरी विला, दूरसंचार नगर में पेंटहाउस, टेलिकॉम नगर स्थित साइं प्रमा रेजीडेंसी में एक फ्लैट, गावबोवली स्थित क्रांति सीओएन में फ्लैट, मणिकोंडा स्थित लैंको हिल्स रोड में 500 वर्ग गज का कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मारिचेदु जंक्शन के पास 3 हजार वर्गफुट का कमर्शियल स्पेस, तेलापुर के अमीनदा रेजीडेंसी में 2 आवासीय फ्लैट, प्रगति रिजार्ट में 500 वर्गगज का खुला प्लॉट, संगारेड्डी जिले के जहीराबाद में साढ़े 3 एकड़ कृषि भूमि, कर्नाटक में 639 एकड़ कृषि भूमि,  नागोले में कामिनेनी हॉस्पिटल के पास 200 वर्गगज का प्लॉट, पटेनचेरू स्थित जीपीआरर हाउसिंग सोसायटी में 400 वर्गगज प्लॉट, विकाराबाद के मोमिनेपट में 1000 वर्गगज जमीन और 2 एकड़ कृषि भूमि, मुंचितला गांव में 20 एकड़ कृषि भूमि का पता चला है।

एसीबी ने डीएसपी संकीरेड्डी भीम रेड्डी को हिरासत में लिया है और उनकी संपत्तियों की जांच की जा रही है। 

हैदराबाद स्थित घर से की गई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि हैदराबाद में एसीबी ने डीएसपी संकीरेड्डी भीम रेड्डी को आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान पुलिस पदाधिकारी के पास एजेंसी को 300 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का पता चला है। तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो ने बीते सोमवार को  ही  संकीरेड्डी भीम रेड्डी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उनकी संपत्ति की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गौरतलब है कि संकीरेड्डी भीम रेड्डी हैदराबाद के पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में डीएसपी के रूप में पदस्थापित हैं। उनको गिरफ्तारी के बाद अब एसीबी की विशेष अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है।

जांच एजेंसी का कहना है कि डीएसपी ने अपनी नौकरी के दौरान  भ्रष्टाचार और संदिग्ध तरीकों से ज्ञात आय के स्त्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति जमा की है।  

एसीबी ने डीएसपी से जुड़े 15 ठिकानों पर मारा छापा
गौरतलब है कि एसीबी ने पुलिस पदाधिकारी के घर और तेलंगाना, कर्नाटक में उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों से जुड़ी कम से कम 15 अन्य जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाने के बाद इस मामले का खुलासा किया है। 

Tags - DSP Sankireddy Bhim ReddyDSPHyderabadACBCorruption