द फॉलोअप डेस्क
राजस्थान में BJP की भजनलाल सररकार (Bhajan Lal government) को बड़ा झटका लगा है। भजनलाल सरकार में जिस नेता को कैबिनेट मिनिस्टर की शपथ दिलाई गयी थी, वही चुनाव हार गये हैं। बता दें कि राजस्थान की करणपुर सीट पर उपचुनाव हुआ है। इसमें BJP के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह टीटी को कांग्रेस के रुपेंद्र सिंह ने हरा दिया है। टीटी 12570 मतों के भारी अंतर से हारे हैं। टीटी को चुनाव से पहले ही भजनलाल सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इसलिए इस चुनाव में BJP की साख दांव पर लगी हुई थी। BJP चुनाव में हार के कारणों का आकलन करने में जुटी हुई है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के खेमे में खुशी का माहौल है।
गहलोत ने दी बधाई
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रुपेंद्र सिंह कुन्नर को जीत पर शुभकामनाएं दी है। गहलोत ने कहा कि चुनाव के दौरान BJP की धांधलियों और आचार संहिता का उड़ाने वाली पार्टी को वोटरों ने सबक सिखा दिया है। कहा कि कुन्नर की जीत वास्तव में जनता की जीत है। कांग्रेस की नीतियों की जीत है। कुन्नर ने BJP के अभिमान को तोड़ा है। ये कांग्रेस पार्टी के लिए ऐतिहासक जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP ने आचार संहिता का मजाक उड़ाते हुए टीटी को बिना चुनाव जीते कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया। कहा जनता ये सब देख रही थी और इसी का नतीजा है कि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आया है।
82 फीसद मतदान हुआ
बता दें कि करणपुर विधानसभा सीट श्रीगंगानगर जिले में है। इस जिले में कुछ छह विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पांच पर पिछले दिनों चुनाव हुए थे। पांच में तीन सीटें कांग्रेस और दो पर BJP उम्मीदवार ने जीत का परचम लहराया है। एक सीट पर उपचुनाव होना था। इस पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। करणपुर में 5 जनवरी को वोट डाले गये थे। यहां लगभग 82 फीसद मतदान होने की सूचना है।