द फॉलोअप डेस्क
बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान और अवामी लीग के पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के पुश्तैनी घर पर देर रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। यह हमला भारत में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाकिब अल हसन के शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद हुआ। घटना मागुरा शहर के केशवमोर इलाके में स्थित उनके पुश्तैनी घर की है। हमले के दौरान घर में तोड़फोड़ भी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह घटना नई दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब में आयोजित शेख हसीना की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के ठीक बाद हुई।

अवामी लीग ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
शेख हसीना की इस बातचीत को लेकर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने नाराजगी जताई है। वहीं अवामी लीग की ओर से जारी बयान में इस घटना को लेकर मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बयान में कहा गया, “घरों को आग के हवाले करना, अवामी लीग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने की कीमत है। बांग्लादेश पर नव-फासीवाद का साया है।” अवामी लीग का आरोप है कि मौजूदा सरकार तानाशाही का रूप ले चुकी है। पार्टी ने शाकिब अल हसन के घर पर हुए हमले को राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।