द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की कवायद तेज हो गई है। प्रमुख विपक्षी पार्टियों की दो दिवसीय दूसरी बैठक आज से बेंगलुरु में शुरू होने जा रही है। इस बैठक में 25 दलों के शामिल होने की संभावना है। 17 जुलाई यानि आज शाम 6 बजे मीटिंग शुरू होगी। कल (18 जुलाई) को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में 11 बजे से बैठक होगी। इस बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी सभी नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में देंगे। इस बैठक में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी हिस्सा लेंगे। सीएम आज बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। बता दें कि इससे पहले 23 जून को विपक्षी दल भी बैठक पटना में हुई थी।

सोनिया गांधी भी होंगी शामिल
आज के बैठक में बीजेपी की नीतियों के खिलाफ देशभर में संयुक्त आंदोलन की योजना बन सकती है। विपक्षी दलों का कहना है कि महाराष्ट्र में एनसीपी के विभाजन के बाद इस मुद्दे पर खास ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बैठक में विपक्षी नेता बीजेपी से मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता को मजबूत करने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही विपक्षी सरकार को गिराने और राज्यपालों के माध्यम से गैर-बीजेपी शासित राज्यों पर नियंत्रण करने के भाजपा के प्रयासों को उजागर करेंगे। बता दें कि आज के इस बैठक में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी भी शामिल होंगी।

ये लोग हो सकते हैं शामिल
23 जून को पटना की बैठक में 15 पार्टियों ने हिस्सा लिया था उनमें JDU, RJD, AAP, DMK, TMC, CPI, CPM, CPI (ML), PDP, नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), सपा, JMM और NCP शामिल हुई थीं। बेंगलुरु में होने वाली दूसरी बैठक में इसमें आठ पार्टियां और बढ़ सकती हैं। विपक्ष का दावा है कि इसमें मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके), कोंगु देसा मक्कल काची (केडीएमके), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी), ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल), केरल कांग्रेस (जोसेफ), और केरल कांग्रेस (मणि) भी साथ आएंगे। इनमें से केडीएमके और एमडीएमके पहले 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के सहयोगी थे।
पहली बैठक में ये लोग हुए थे शामिल
पटना में विपक्षी एकता की पहली बैठक हुई थी। जिसमें नीतीश कुमार के निमंत्रण पर शामिल होने के लिए पं.बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी,जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती,तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, NCP से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, सपा से अखिलेश यादव, DMK से एमके स्टालिन, JMM से हेमंत सोरेन, CPM से सीताराम येचुरी, CPI से डी राजा, CPI-ML से दीपांकर पटना पहुंचे थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT