logo

कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, साहिबगंज का बदरुद्दीन कोलकाता से गिरफ्तार; 6 साथी फरार

कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, साहिबगंज का बदरुद्दीन कोलकाता से गिरफ्तार; 6 साथी फरार

मध्यप्रदेश: 
Madhya Pradesh:
 मध्यप्रदेश के कटनी स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह (48) के रूप में हुई है। कटनी पुलिस ने उसे कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई थी। रविवार को कोर्ट ने आरोपी को 8 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

गिरोह में 7 सदस्य, 6 अभी भी फरार
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, चोरी की वारदात में कुल 7 सदस्य शामिल थे। बदरुद्दीन शाह की भूमिका शोरूम की दीवार खोदकर अंदर घुसने और अन्य साथियों की मदद करने की थी। गिरोह के बाकी 6 सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, बदरुद्दीन कटनी में अन्य संस्थानों की भी रेकी कर रहा था। इस दौरान उसकी तस्वीर और गतिविधियां CCTV कैमरों में कैद हुई थीं। मोबाइल लोकेशन और फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस किया और कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

12 नवंबर को दीवार तोड़कर शोरूम में घुसे थे बदमाश
दरअसल, झारखंड के गिरोह ने 12 नवंबर को कटनी के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने दीवार में करीब 1.75 फीट का छेद बनाया और उसी रास्ते से शोरूम के अंदर दाखिल हुए। दीवार तोड़ने के दौरान आवाज कम करने के लिए नीचे पत्ते बिछाए गए थे। बदमाशों ने गैस कटर से तिजोरी काटकर करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर चोरी कर लिए थे। वारदात के बाद पुलिस को शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी के पास गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और घरेलू गैस सिलेंडर मिले थे।

मुंबई से खरीदे पेचकस-पाना, कटनी से जुटाए गैस कटर
जांच में सामने आया कि गिरोह ने चोरी के लिए अलग-अलग जगहों से औजार जुटाए थे। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से जुटाए गए थे। पुलिस के स्निफर डॉग ने शोरूम से निकलकर पीछे लाल पहाड़ी तक पहुंचने का रास्ता दिखाया था।

32 CCTV कैमरे लगे थे, फिर भी पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हुई
शोरूम में कुल 32 CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। IG प्रमोद वर्मा के मुताबिक, बदमाशों ने पहले कैमरे बंद किए और फिर चोरी की। सामने आए फुटेज में एक आरोपी पेचकस और पाना लेकर काउंटर खोलने की कोशिश करता दिखाई दिया, जबकि दूसरा दीवार के छेद के बाहर से उसे औजार पकड़ा रहा था।

पीछे अंधेरा, न लाइट थी और न CCTV
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, शोरूम के पीछे का हिस्सा अंधेरे में था। वहां लाइट और CCTV कैमरों की व्यवस्था नहीं थी। सरकारी जमीन होने के कारण सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जा सके थे। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से लॉकर या तिजोरी की व्यवस्था नहीं थी और सभी जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे गए थे। दिवाली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक स्टॉक था।

चोरी के जेवर बरामद नहीं, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को चोरी में हिस्सा नहीं मिला था। इस कारण फिलहाल उसके पास से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए हैं। आरोपी से 8 दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरों की बरामदगी में मदद मिलेगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Tags - Katni RobberyBadruddin ShahJharkhand Crime NewsSahibganj NewsMadhya Pradesh News