logo

राष्ट्रीय महिला आयोग ने विधायक भूषण बाड़ा मामले में लिया स्वतः संज्ञान, झारखंड DGP से 7 दिनों में मांगी रिपोर्ट

राष्ट्रीय महिला आयोग ने विधायक भूषण बाड़ा मामले में लिया स्वतः संज्ञान, झारखंड DGP से 7 दिनों में मांगी रिपोर्ट

द फॉलोअप डेस्क:
राष्ट्रीय महिला आयोग (National Commission for Women) ने झारखंड के सिमडेगा से विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। यह रिपोर्ट 13 नवंबर 2026 को द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित हुई थी। मामले में विधायक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने का उल्लेख किया गया है।मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग बच्ची ने विधायक के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज तथा शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने जांच और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

झारखंड के DGP को पत्र, निष्पक्ष जांच का निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर आरोपों की विस्तृत, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने स्कूल में दाखिला दिलाने के बहाने नाबालिग को सिमडेगा से रांची लाए जाने की परिस्थितियों की भी जांच करने का निर्देश दिया है। आयोग ने उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने, पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने तथा उसे समुचित चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। साथ ही, जांच को किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से मुक्त रखने और पीड़िता को किसी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षित रखने को कहा है।

7 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग ने झारखंड के DGP से 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकार सर्वोपरि हैं। नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तत्परता से की जानी चाहिए। आयोग के अनुसार, आरोपी का पद या प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता। मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।

Tags - National Commission for WomenBhushan BaraSimdega NewsJharkhand NewsPOCSO Case