द फॉलोआप डेस्क:
Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा और कुहासा देखने को मिल रहा है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान धीरे-धीरे साफ हो जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 17 नवंबर को भी सुबह के समय कोहरा और कुहासा छाया रह सकता है। वहीं, दोपहर या शाम में आंशिक रूप से बादल छाने का अनुमान है। 18 नवंबर को सुबह कोहरा और कुहासा रहने के बाद दोपहर में आंशिक बादल छा सकते हैं। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 21 नवंबर के दौरान झारखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

19 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी झारखंड के इलाकों में भी बारिश और मेघ गर्जन का असर देखने को मिल सकता है।
वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। IMD ने अपने ताजा पूर्वानुमान में इन दोनों दिनों के लिए झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, गुमला में न्यूनतम 12.4 डिग्री
मौसम विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए तापमान के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान झारखंड में चाईबासा का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोडरमा में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा। जमशेदपुर और डालटनगंज में 30.8 डिग्री, बोकारो में 29.1 डिग्री और रांची में 27.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में सबसे कम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, जमशेदपुर का 18 डिग्री, डालटनगंज का 16.6 डिग्री, बोकारो का 16.5 डिग्री और चाईबासा का 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
फिलहाल 19 नवंबर तक कोई चेतावनी नहीं
IMD के 16 नवंबर को जारी जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 16 से 19 नवंबर तक किसी तरह की विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और कुहासा देखने को मिल सकता है। दिन में मौसम सामान्य रहने के बाद 19 नवंबर से बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।