logo

राष्ट्रपति ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भव: का किया ऑनलाइन शुभारंभ

772200.jpeg

 रांची/नयी दिल्ली 
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुलभ बनाने के लिए दूरदर्शी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयुष्मान भवः अभियान का बुधवार को ऑनलाइन शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति, हर परिवार स्वस्थ रहेगा तभी स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प पूरा होगा। यही आयुष्मान भवः कार्यक्रम' का भी लक्ष्य है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सहभागिता इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करने में मददगार होगी। ऑड्रे हॉउस, रांची में आयोजित इस वर्चुअल कार्यक्रम में झारखंड से इस अभियान का शुभारंभ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने किया। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुभारंभ की गई प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जो 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा कवरेज प्रदान करती है। उस योजना के अंतर्गत 17 सितंबर 2023 से एक अभियान शुरू किया जा रहा है, जिससे पीएम-जेएवाई योजना के तहत सभी शेष पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी लाभार्थी न छूटे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे झारखण्ड राज्य में इस अभियान को पूर्णतः सफल बनाया जायेगा।

आयुष्मान भवः सिर्फ एक कथन मात्र नहीं है

राज्यपाल ने कहा कि आयुष्मान भवः सिर्फ एक कथन मात्र नहीं है। यह एक मार्गदर्शन करने वाला सिद्धांत है, जिसमें स्वस्थ जीवन जीने का सार शामिल है। यह एक प्राचीन संस्कृत शब्द है, जिसका अर्थ है- आप लंबे समय तक जीवित रहें और स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भवः कार्यक्रम प्रत्येक लाभुक तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक व्यापक पहल है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। यह पहल जागरूकता अभियानों, चिकित्सा शिविरों एवं समावेशी रणनीतियों से स्वास्थ्य लाभ को अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से हाशिये पर रहने वाले लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्राप्त हो सकेगी। यह स्वास्थ्य सेवाओं में समानता को भी बढ़ावा देगा।

रक्तदान करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले संस्थानों, 5 बार से ज्यादा रक्तदान करने वाले लोगों एवं एचडब्लूसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रांची के सांसद श्री संजय सेठ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक श्री आलोक त्रिवेद्धी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारीगण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित डॉक्टर्स, पारामेडिकल्स, स्वास्थ्यकर्मी एवं आयुष्मान भारत के लाभुक उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N