द फॉलोअप डेस्क
उत्तर भारत में बारिश का कहर जारी है। हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, यूपी और पंजाब में बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। यहां पिछले 6 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। हिमाचल में 24 घंटे में 39 जगह लैंडस्लाइड हुआ। वहीं बीते 72 घंटों में 76 लोगों की मौत हो गई है। कुल्लू में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 3 का एक हिस्सा व्यास नदी के उफान के चपेट में आने से बह गया है। साथ ही मंडी जिले के पंडोह का लाल पुल भी इसी नदी के उफान के चलते टूट गया। वहीं, उत्तराखंड में भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है। इसी बीच गृहमंत्री अमित शाह ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। शाह ने दोनों राज्यों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की
हरियाणा द्वारा हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। रविवार को दोपहर 1 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जल स्तर 203.18 मीटर था। चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के मुताबिक दिल्ली में यमुना नदी में जल स्तर बढ़ रहा है और मंगलवार यानि आज खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की आशंका है। बाढ़ को देखते हुए सभी स्कूलों को बंद किया दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में अगले दो दिन भी जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के पहाड़ों में मंगलवार को भी बारिश की संभावनाएं जताई गई हैं। इसके अलावा मैदानी इलाकों में बारिश की तीव्रता कम होगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली तथा अन्य स्थानों के लोगों द्वारा जलमग्न सड़कों पर कागज की नावों की तरह तैरते वाहन, आवासीय क्षेत्रों में गंदा पानी घुसने, उफनती नदियों और भूमि के धंसने के कारण तटों पर डूबे हुए मंदिर और अन्य संरचनाओं की तस्वीरें ऑनलाइन साझा की गईं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

चार राज्यों में NDRF की 39 टीमें तैनात
उत्तर भारत के चार राज्यों में हो रही भारी बारिश और बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ की कुल 39 टीम तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि एनडीआरएफ की 14 टीम पंजाब में काम कर रही हैं। जबकि एक दर्जन टीम हिमाचल प्रदेश, आठ उत्तराखंड और पांच हरियाणा में तैनात हैं। एनडीआरएफ के एक प्रवक्ता ने बताया, 'बचाव अभियान वास्तविक स्थिति के अनुसार और राज्य के अधिकारियों के समन्वय से चलाया जा रहा है।' पंजाब में भारी बारिश के कारण पानी भर जाने के बाद सेना ने राज्य के एक निजी विश्वविद्यालय से 910 छात्रों और 50 अन्य को बचाया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N