द फॉलोअप डेस्क:
नेपाल (Nepal) के सोलुखुंबु (Solukhumbu) जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां एवरेस्ट बेस कैंप (Everest Base Camp) के पास लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा (Helicopter Collision) गए। इस हादसे में भारत के तमिलनाडु स्थित चेन्नई के रहने वाले 47 वर्षीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी शामिल हैं। हादसे के बाद मृतक का शव लुकला के एक अस्पताल ले जाया गया।

फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे भारतीय पर्यटक
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त वसंत कुमार फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। इसी दौरान उसकी एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर से टक्कर हो गई। सोलुखुंबु के पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में न्यूजीलैंड के नागरिक और भारतीय मूल के शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए हैं। उन्हें प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, फिशटेल एयर के पायलट प्रज्ज्वल केसी और एयर डायनेस्टी के पायलट रवींद्र प्रजापति को भी मामूली चोटें आई हैं।
सुबह 8:11 बजे हुआ हादसा
जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे में दोनों हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान टकरा गए। यह जगह समुद्र तल से करीब 4,200 मीटर यानी 13,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। हादसे के वक्त दोनों हेलीकॉप्टर एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेकिंग करने पहुंचे पर्यटकों को लाने-ले जाने के काम में लगे थे। नेपाल में इस समय ट्रेकिंग का लोकप्रिय सीजन चल रहा है।

पायलटों के बीच गलतफहमी की आशंका
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के महानिदेशक मुकेश डंगोल के मुताबिक, शुरुआती रिपोर्ट में हादसे की वजह पायलटों के बीच संचार में गड़बड़ी यानी गलतफहमी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि यह इलाका लुकला एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर की निगरानी सीमा से बाहर है। ऐसे में यहां हेलीकॉप्टर के पायलटों को आपस में ही संपर्क कर उड़ान और लैंडिंग का समन्वय करना पड़ता है। फिलहाल दोनों हेलीकॉप्टरों में हादसे के वक्त कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विमानन अधिकारी मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।