logo

फर्स्ट AC कोच में महिला के गहने चोरी, रोते हुए बयां किया दर्द

फर्स्ट AC कोच में महिला के गहने चोरी, रोते हुए बयां किया दर्द

द फॉलोअप डेस्क:

ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आनंद विहार टर्मिनल (Anand Vihar Terminal) से न्यू जलपाईगुड़ी (Jalpaigudi) जा रही एक्सप्रेस ट्रेन (Express Train) में चोरी की एक घटना सामने आई है। इस मामले में एक महिला यात्री ने आरोप लगाया है कि लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास उसके फर्स्ट एसी कूपे से करीब 2.5 लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। घटना के बाद महिला का रोते हुए अपनी आपबीती सुनाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बच्चे के साथ फर्स्ट एसी में कर रही थी सफर

महिला के मुताबिक, वह ट्रेन नंबर 15726 से अपने बच्चे के साथ सफर कर रही थी। इसी दौरान लखनऊ स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके फर्स्ट एसी कूपे में प्रवेश किया और उसके सामान से गहने और नकदी लेकर फरार हो गया। महिला का दावा है कि चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है, जबकि उसके पास रखे 25 हजार रुपये भी गायब हो गए। वायरल वीडियो में महिला बेहद परेशान नजर आती है। वह कहती है कि अच्छा हुआ कि चोर उसके बच्चे को अपने साथ नहीं ले गए।

चार बार इमरजेंसी चेन खींचने पर भी नहीं मिली मदद

महिला ने आरोप लगाया कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद उसने रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों से सहायता पाने की कोशिश की। इसके लिए उसने ट्रेन की इमरजेंसी चेन चार बार खींची, लेकिन उसकी मदद के लिए न तो कोई RPF जवान पहुंचा और न ही रेलवे का कोई कर्मचारी। महिला का कहना है कि ट्रेन में मौजूद TTE ने भी उसकी शिकायत पर तत्काल सहायता नहीं की। वीडियो में महिला ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जब फर्स्ट एसी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले कोच में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम यात्रियों की सुरक्षा की क्या गारंटी है।

GRP ने लिया वीडियो का संज्ञान

महिला का वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ GRP के एसपी के आधिकारिक X अकाउंट से सोमवार देर रात प्रतिक्रिया दी गई। पुलिस की ओर से बताया गया कि संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महिला से अपना मोबाइल नंबर निजी संदेश के जरिए साझा करने या 9454402545 पर संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि मामले में आगे की सहायता की जा सके। गौरतलब है कि ट्रेनों में चोरी और लूट की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब रविवार सुबह मुंबई-कोल्हापुर महालक्ष्मी एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में सफर कर रही दो महिला यात्रियों के गहने लूटे जाने का मामला भी सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लंबी दूरी की ट्रेनों में महिला यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Tags - Lucknow Train Theft First AC Coach Theft Train Passenger Safety Woman Jewellery Theft 15726 Express Train