logo

देशभक्ति की लहर में डूबा चंडीगढ़, हजारों युवाओं ने भरा सिविल डिफेंस वालंटियर का फॉर्म

VOLEN.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चंडीगढ़ से एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।। चंडीगढ़ प्रशासन ने एक आवाज लगाई थी कि युद्ध हुआ तो आओ हमारा साथ दो। एक आवाज पर चंडीगढ़ के युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सभी मदद करना चाहते हैं। भारत माता की जय के नारे लगाते हुए सिर्फ लड़के ही नहीं, लड़कियां भी भारी संख्या में पहुंची। दरअसल चंडीगढ़ के डीसी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा था कि 18 वर्ष से अधिक आयु के युवा नागरिकों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में शामिल होने और आपातकालीन तैयारियों में सहयोग करने के लिए आमंत्रित करता है। आगे बढ़ें, प्रशिक्षित हों और जब सबसे ज्यादा जरूरत हो, तब सेवा करें। 


डीसी निशांत यादव ने बताया कि वालंटियर बनने के लिए एक हफ्ते की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस ट्रेनिंग में सिविल डिफेंस के नियम, पुलिस के काम करने का तरीका, राहत और बचाव कार्य सिखाए जाएंगे। लोगों को जागरूक करने के तरीके भी बताए जाएंगे। ट्रेनिंग के बाद, चुने हुए वालंटियर को अलग-अलग सेक्टर, मार्केट और गांवों में तैनात किया जाएगा। वालंटियर की संख्या तय नहीं है और कोई भी युवा इसमें भाग ले सकता है। महिलाओं का भी स्वागत है। अगर आप वालंटियर बनना चाहते हैं, तो 10 मई को सुबह 10:30 बजे टैगोर थिएटर, सेक्टर 18 में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। फिर क्या था जैसे ही इसकी घोषणा हुई युवाओं का हुजूम टैगोर थिएटर, सेक्टर 18 में पहुंच गये


एक लड़की ने कहा कि हम यहां सेना का समर्थन करने के लिए हैं। वे हमारे लिए बहुत कुछ कर रहे हैं, और हम भी अपनी सेना के लिए कुछ करना चाहते हैं। एक अन्य लड़के ने कहा कि मैं भारत के लिए अपनी जान देने के लिए तैयार हूं। हमने फॉर्म भर दिया है; हमसे जो भी अपेक्षित है, हम करने के लिए तैयार हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव ने देशभर में एक बार फिर देशभक्ति की भावना को उभार दिया है। देश की जनता युद्ध के लिए बॉर्डर पर नहीं जा सकती, लेकिन इनका जोश हाई है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक, हर तरफ देश के नागरिकों में जबरदस्त जोश देखा जा रहा है। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई देश की सेवा के लिए खुद को तैयार बता रहा है। सबका यही कहना है कि हमें बस एक मौका चाहिए, बंदूक पकड़ा दो और हम बॉर्डर पर दुश्मनों का सामना करने को तैयार हैं। ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कई हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। कई युवाओं ने खुद को सेना के लिए स्वेच्छा से तैयार बताते हुए वीडियो अपलोड किए हैं। कुछ ने तो यहां तक कहा कि अगर सेना में भर्ती नहीं हो सकते, तो भी वे किसी भी तरह देश सेवा के लिए तैयार हैं।

देशभक्ति की यह लहर बताती है कि भारत के नागरिक अपने देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज़्बा रखते हैं। सोशल मीडिया पर युवाओं के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। चंडीगढ़ में सिविल डिफेंस वॉलंटियर के तौर पर भर्ती होने के लिए पहुंचे एक युवक का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। युवक इस वीडियो में कह रहा है कि मैं भारत के लिए जान देने के लिए तैयार हूं। मैं हमेशा तैयार हूं। हमें बस बंदूक पकड़ा दीजिए, हम अपने दुश्मनों को ठोक कर आएंगे। इसके बाद वहां मौजूद अन्य युवक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए दिखाई दिए।


भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की पूरे देशभर में चर्चा हो रही है। भारत के ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों में ड्रोन और मिसाइल से हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने भी पाकिस्तान के इस हमले का मुहंतोड़ जवाब दिया। वहीं इस बीच सुरक्षा के हालात को देखते हुए चंडीगढ़ के हजारों युवाओं ने एकजुट होकर एकता की मिसाल पेश की है।


दरअसल, शहर में जैसे ही स्थानीय प्रशासन ने वॉलंटियर बनने की घोषणा की, वैसे ही बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए आगे आ गए। देश सेवा के लिए चंडीगढ़ के कई हिस्सों में वॉलंटियर रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर भारी भीड़ देखी गई। सभी ने देश सेवा के लिए अपनी इच्छा जताई। इस सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रशासन की सहायता करना होता है।