logo

नक्सल विरोधी अभियानों के लिए केंद्र ने झारखंड को दिये 52 करोड़, इन जिलों में खर्च होगी राशि

naksali3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में पुलिस लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही है। अब केंद्र सरकार ने भी इसमें सहयोग किया है। केंद्र ने नक्सल विरोधी अभियान के लिए झारखंड को 52 करोड़ रुपए दिए हैं।  यह राशि केंद्र प्रायोजित पुलिस आधुनिकरण योजना अंतर्गत विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत दी गई है। इन रुपयों को चतरा, गिरिडीह, गुमला, खूंटी, चाईबासा, सरायकेला और लोहरदगा जिला में खर्च किया जाएगा।


गृह मंत्रालय ने उग्रवाद प्रभावित जिलों में विशेष केंद्रीय सहायता देने की बनायी थी योजना
इस राशि से राज्य के छह जिलों में सार्वजनिक आधारभूत संरचना और सेवाओं से संबंधित क्रिटिकल गैप्स को भरा जायेगा। इसके लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने देश के अति उग्रवाद प्रभावित जिलों में विशेष केंद्रीय सहायता देने की योजना बनायी थी, जिसमें छह जिले झारखंड के हैं।गौरतलब है कि राज्य के 16 जिलों में माओवादियों का प्रभाव है।


देशभर में 70 जिले माओवाद प्रभावित 
 केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, पूर्व में देशभर के 90 जिले माओवाद प्रभावित थे। लेकिन अब इसकी संख्या घटकर 70 रह गयी है। केंद्र ने 70 में से 25 जिलों को अति माओवादी प्रभाव वाला माना है। देश के अति माओवाद प्रभाव वाले 25 में 8 जिले झारखंड के हैं। झारखंड में माओवाद प्रभाव वाले 16 जिलों में रांची, खूंटी, बोकारो, चतरा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। वहीं आठ अति माओवाद प्रभावित जिलों में चतरा, गिरिडीह, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।