द फॉलोअप डेस्क
ओडिशा के कटक स्थित SCB Medical College and Hospital में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 10 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जब देर रात अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, तभी अचानक अस्पताल के एक वार्ड में आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी और अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आईसीयू में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में स्थानांतरित किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
.jpeg)
शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या प्रशासनिक लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी खुद अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।