रांची
युवा आजसू ने झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (JCECB) द्वारा चल रही नामांकन प्रक्रिया की समय सीमा 2 जुलाई के मद्देनजर छात्रों को अविलंब स्थानीय प्रमाणपत्र निर्गत करने की मांग की है। इस संबंध में आज युवा आजसू की रांची महानगर इकाई ने महानगर अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में अरगोड़ा अंचलाधिकारी सुदीप्त राज से मुलाकात कर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (JCECB) में आवेदन देने वाले छात्रों का स्थानीय प्रमाणपत्र बनाने में विलंब किए जाने की शिकायत की और अविलंब प्रमाणपत्र निर्गत करने की मांग की। अंचलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रमाणपत्र निर्गत करने में तेजी लाने के लिए कदम उठाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिप सदस्य हाकिम अंसारी केंद्रीय सचिव इम्तियाज़ अहमद नजमी, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, प्रताप सिंह, सौरव यादव, नीतिश राज, अमन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

JCECB ने प्रथम आवेदन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित
जिप सदस्य हाकिम अंसारी ने बताया कि ज्ञापन में झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (JCECB) द्वारा चल रही नामांकन प्रक्रिया की समयसीमा के मद्देनज़र स्थानीय प्रमाण पत्र बनाने में शीघ्रता करने का अनुरोध किया गया है। JCECB ने प्रथम आवेदन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित की है, जबकि कई छात्रों का स्थानीय दर्जा सत्यापित न होने के कारण उन्हें नामांकन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

सभी महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है
अमित यादव ने बताया कि राज्य के सभी महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, पर अंचल से कई छात्रों का स्थानीय दर्जा बन पाने में देरी के कारण वे समय पर नामांकन नहीं कर पा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों में निराशा व्याप्त है और उनका एक वर्ष बर्बाद होने का डर है। परवाज खान ने कहा कि स्थानीय प्रमाण पत्र न बनने से छात्रों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, अतः अंचल प्रशासन से अनुरोध है कि सभी पात्र अभ्यर्थियों का स्थानीय सत्यापन प्राथमिकता से किया जाए ताकि वे समय पर नामांकन पूरा कर सकें।
