धालभूमगढ़/पूर्वी सिंहभूम:
पूर्वी सिंहभूम जिला के धालभूमगढ़ थानाक्षेत्र अंतर्गत आमदा घोषड़ा गांव में शनिवार की शाम को अचानक एक युवती हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में टॉवर के नीचे जमा हो गए। जानकारी मिली तो पुलिस भी पहुंची। थाना प्रभारी धीरज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी युवती को समझाने में जुटे हैं, लेकिन लड़की है कि मानती नहीं। वजह भी स्पष्ट नहीं है कि युवती टॉवर पर चढ़ी क्यों। घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस युवती को टावर से नीचे उतारने में सफल रही। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस युवती को समझाने में जुटी
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस की टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी की गयी थी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। प्रशासन की प्राथमिकता युवती को सकुशल नीचे उतारना था।

पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी
अधिकारियों का कहना था कि युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। अब युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिए जाने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी ताकि उसके टावर में चढ़ने की वजह स्पष्ट हो सके। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गिरिडीह में भी पहले एक युवक और फिर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। पुलिस ने उन्हें भी कड़ी मशक्कत के बाद उतारा था। जमशेदपुर में भी प्रेमिका की शादी की जिद लेकर युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।