सरायकेला-खरसावां:
Seraikela-Kharsawan: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित ओमनी ऑटो लिमिटेड यूनिट-3 के मजदूरों ने बुधवार को अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर कंपनी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने गेट जाम कर प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने सभी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के अनुसार, कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को वेतन, ओवरटाइम, कार्य अवधि और नौकरी की सुरक्षा समेत कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों का कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से उन्हें विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और आठ घंटे की ड्यूटी की मांग
मजदूरों की प्रमुख मांगों में काम और पद के अनुरूप उचित वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और आठ घंटे की ड्यूटी के बाद जबरन काम नहीं कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार पर रोक लगाने और प्रत्येक भुगतान के समय पेमेंट स्लिप उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
पांच साल से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग
श्रमिकों ने दूर-दराज से आने वाले कर्मचारियों के लिए उचित कैंटीन व्यवस्था करने और पांच वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग रखी है। इसके साथ ही इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार उनका अधिकार देने, बिना उचित कारण किसी कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाने और नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को एक माह के भीतर ग्रेच्युटी का भुगतान करने की मांग की गई है। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने कहा कि उनका विरोध कंपनी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और बेहतर कार्य वातावरण की मांग को लेकर है। उन्होंने प्रबंधन से श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। प्रदर्शन के कारण कंपनी के मुख्य गेट पर कुछ समय तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।