रांची
झारखंड सरकार की प्रमुख योजना 'मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार मील के पत्थर साबित हो रही है। इस योजना के तहत रांची जिले में जुलाई माह के दौरान अब तक 7023 लाभुक महिलाओं के बीच कुल 1,29,474 चूजे, 2531 लाभुकों को 40,015 बतख, और 2252 महिलाओं को 5637 बकरियों का वितरण किया गया है।
यह जानकारी उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आजीविका के बेहतर साधन प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।

स्वावलंबन की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा कदम
बैठक में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लाभुकों के भौतिक सत्यापन को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में सामाजिक सुरक्षा, पशुपालन, बैंकिंग, उद्योग, जेएसएलपीएस सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
प्रशासन ने तैयार की समग्र कार्य योजना
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि योजना के तहत लाभुकों को दी जाने वाली सुविधाएं समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचे। इसके अलावा, लाभार्थी महिलाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग व विपणन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन कार्य योजना पर काम कर रहा है, जिससे यह योजना एक स्थायी और समावेशी विकास मॉडल के रूप में उभर सके।
