logo

देवघर में बाइक चोर गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, 9 वाहन जब्त

deoghar_p1.jpg

देवघर 

देवघर पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है, जिसके तार सीधे जामताड़ा जिले से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने पालाजोरी थाना क्षेत्र से जामताड़ा के एक शातिर चोर को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से विभिन्न कंपनियों की कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह सफलता देवघर पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान मिली। 3 जुलाई की रात को पालाजोरी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को अनारकली हाई स्कूल मैदान में एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ दिखाई दिया।

ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहद सस्ते दामों में बाइक बेच दिया करते थे

पुलिस बल को अपनी ओर आता देख उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से मुस्तैद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान 32 वर्षीय संजय चार के रूप में हुई है, जो जामताड़ा जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र के सामारबाद का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे बाइक के कागजात मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी संजय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। संजय ने स्वीकार किया कि उनका यह नेटवर्क जामताड़ा से लेकर देवघर तक फैला हुआ था। वे लोग सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी करने के बाद इन गाड़ियों को ग्रामीण इलाकों के सीधे-साधे लोगों को बेहद सस्ते दामों में बेच दिया करते थे। मुख्य आरोपी संजय चार की स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने रात में ही कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और गिरोह के दो अन्य सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

कई मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हुई 

धीरेंद्र मंडल इसके पास से पुलिस ने एक अपाचे और एक पल्सर बाइक बरामद की। केदार मंडल इसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 6 और चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में अपराधियों के पास से कुल 9 बाइक जब्त की हैं। इनमें सुपर स्प्लेंडर, अपाचे, पल्सर, ग्लैमर, पैशन प्रो और स्प्लेंडर प्लस जैसी अच्छी गाड़ियां शामिल हैं। छानबीन में पता चला है कि इनमें से कई मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हुई हैं। इस अंतरजिला गिरोह को पकड़ने में देवघर जिले की एक संयुक्त पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस कार्रवाई में पालाजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार, पथरौल थाना प्रभारी दिलीप बिलुंग, मधुपुर थाना के अशोक कुमार व संदीप भगत सहित चितरा थाना की पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने और जामताड़ा-देवघर के अन्य मददगारों का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Deoghar Police Inter District Vehicle Theft Gang Anti Crime Checking