द फॉलोअप डेस्क
5 जुलाई यानि आज झारखंड के खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ गर्जन और वज्रपात के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि 6 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 7 जुलाई को रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड पर सीमित रहेगा, जबकि पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।

राज्य में अब भी 45 प्रतिशत कम हुई बारिश
मॉनसून के झारखंड में प्रवेश किए लगभग एक महीना बीत चुका है, लेकिन राज्य अब भी सामान्य से काफी कम बारिश का सामना कर रहा है। एक जून से चार जुलाई तक राज्य में सामान्य वर्षापात 226.3 मिमी होना चाहिए था, जबकि इस अवधि में केवल 125.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी अब तक राज्य में 45 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। सभी 24 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में भी सामान्य 235 मिमी के मुकाबले 201.2 मिमी बारिश हुई, जो करीब 14 प्रतिशत कम है।

शनिवार को बहरागोड़ा में सबसे अधिक बारिश
शनिवार को राज्य में सबसे अधिक 23 मिमी बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई। इसके अलावा चाईबासा में 21 मिमी और जमशेदपुर में 8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।