logo

पूजा करने जा रही महिला के गले से 2.5 लाख की चेन छीनकर भागे बदमाश, जमशेदपुर में थम नहीं रही स्नेचिंग

jam_CHAIN2.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर में एक बार फिर बाइक सवार चेन स्नैचर्स ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। उलिडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूजा करने जा रही महिला को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने उनके गले से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गये। खास बात यह है कि वारदात का तरीका विगत 13 अगस्त की सुबह बाराद्वारी में हुई चेन छिनतई की घटना से काफी मिलता-जुलता है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से नीले रंग की बाइक पर सवार बदमाशों ने इसी तरह चेन झपटी थी। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था और ब्लू रंग की बाइक का इस्तेमाल कर कुछ ही सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की पहचान शर्मा लाइन निवासी कांति देवी के रूप में हुई हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:10 बजे से 9:25 बजे के बीच कांति देवी अपनी छोटी बहू पूजा शर्मा के साथ पूजा-अर्चना करने जा रही थी।

पूजा शर्मा लगभग रोज इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं

इसी दौरान ब्लू रंग की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गये। परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने पूरी घटना को कुछ ही सेकेंड में अंजाम दिया। दोनों स्नैचर्स हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बताया गया कि पूजा शर्मा लगभग रोज इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही उलिडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बाइक और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर लगातार एक जैसे तरीके से हो रही चेन छिनतई की घटनाओं ने शहर में सक्रिय स्नैचर गिरोह की मौजूदगी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब दोनों घटनाओं के तरीके, बाइक और हुलिए के आधार पर जांच कर रही है। शहर में चेन छिनतई की यह कोई पहली घटना नहीं है।

मॉर्निंग वॉक या पूजा के लिए निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते हैं

इससे पहले भी जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक सवार स्नैचर्स महिलाओं को अपना निशाना बना चुके हैं। कुछ घटनाओं में पुलिस को सफलता भी मिली है। लेकिन, शहर में सक्रिय कई इलाकों से सामने आ रही चेन छिनतई की घटनाएं अब भी चिंता की वजह बनी हुई है। बदमाश अक्सर सुबह के समय मॉर्निंग वॉक या पूजा के लिए निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते हैं और वारदात के बाद तेजी से फरार हो जाते हैं।

अपराध नियंत्रण के लिए बीट पुलिसिंग की शुरुआत

अपराध नियंत्रण के लिए जमशेदपुर पुलिस ने हाल ही में बीट पुलिसिंग की शुरुआत की है। इसके तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में बीट पुलिसकर्मियों की तैनाती, क्यूआर कोड आधारित निगरानी व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की मॉनिटरिंग की जा रही है। कई इलाकों में क्यूआर कोड लगाये गये हैं, ताकि पुलिसकर्मी नियमित गश्त और जांच सुनिश्चित कर सकें। इसके बावजूद चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य सड़कों पर स्नैचिंग की घटनाओं से आम लोगों में चिंता बढ़ रही है।

Tags - chain snatchers Jamshedpur police woman targeted