logo

कीवियों के क्लीन स्वीप के साथ ही भारत वनडे में बना नंबर-1

1065.jpg

द फॉलोअप डेस्क
तीन वन-डे मैचों की सीरीज के अंतिम मैच में मंगलवार को टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 90 रन से हरा दिया। भारतीय टीम ने सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इसके साथ ही भारतीय टीम वनडे क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 टीम बन गई। टी-20 में भारत पहले से ही नंबर-1 हैं। जबकि, टेस्ट में हमारी रैंकिंग नंबर-2 है। बताते चलें कि भारत ने तीसरी बार न्यूजीलैंड को वनडे में क्लीन स्वीप किया। इससे पहले 1988 और 2010 में भी ऐसा किया था। इधर, न्यूजीलैंड को सीरीज में क्लीन स्वीप करते ही भारत ने लगातार 7वां वनडे मैच जीता है।

रोहित-गिल ने जड़ा शतक, ड्वेन कॉन्वे का शतक गया बेकार
इंदौर के होलकर मैदान पर भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 385 रन बनाया। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने 85 गेंदों पर 101 रन बनाए। वहीं, गिल ने 78 गेंदों पर 112 रन बनाए। इनके बाद हार्दिक पंड्या ने अच्छी बैटिंग करते हुए 38 गेंदों पर 54 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 41.2 ओवर में 295 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से ड्वेन कॉन्वे (138 रन) ने शानदार शतकीय पारी खेली। मगर अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं, हेनरी निकल्स ने 42 रन की पारी खेली। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव ने 3-3 विकेट लिए। जबकि युजवेंद्र चहल को 2 सफलता मिली। हार्दिक पंड्या और उमरान मलिक के हिस्से एक-एक विकेट आया।