द फॉलोअप डेस्क
लालू प्रसाद यादव को जो संप्रदायिक तनाव पैदा करने वाली पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) के इशारे पर परेशान किया जा रहा है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामाजिक न्याय के योद्धा और उनके परिवार को केंद्र सरकार परेशान करने में लगी है। मगर संप्रदायिक शक्ति के सामने कभी भी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व युवाओं के आईकॉन युवा नेता तेजस्वी भाजपा के सामने कभी घुटने नहीं टेकेंगे। मर जाएंगे, मिट जाएंगे मगर कभी झुकेंगे नहीं। यह बातें राजद झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने वाली ताकतें लोकतंत्र की हत्या कर रही है। पूरे देश में संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। सभी विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर भाजपा परेशान कर रही है। लेकिन विपक्षी एकता कभी परेशान होने वाली नहीं है। भाजपा को देश से भागना होगा। आने वाले 2024 के चुनाव को संकल्प के रूप में लेंगे। भाजपा भगाओ देश बचाओ के उद्देश्य से राजद को आगे बढ़ना है। जनता के आशीर्वाद से भाजपा की विदाई तय है।

कोडरमा में आयोजित कार्यक्रम में आएंगे तेजस्वी
जयप्रकाश ने कहा कि युवाओं के आईकॉन तेजस्वी यादव का पूरे देश में सम्मान है। पूरे देश के युवा उन्हें देश का नेता बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले अप्रैल के अंतिम सप्ताह में युवाओं के तेजस्वी यादव का कोडरमा में कार्यक्रम होना निश्चित हुआ है। पूर्व की तरह वह झारखंड में अपना समय देंगे और राष्ट्रीय जनता दल के संगठन को धारदार और मजबूत करेंगे। पूर्व में जिस तरह से राजद झारखंड में मजबूत था उसी स्थिति को लाने के लिए सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में लगें।

4 लाख बनाए गए सदस्य
प्रेस कांफ्रेंस से पहले झारखंड प्रदेश राजद कार्यालय रांची में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव की अध्यक्षता में प्रदेश राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जयप्रकाश नारायण ने कहा कि आज की बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। पहले फेज में झारखंड प्रदेश में चार लाख सदस्य बनाए गए हैं। सदस्यता अभियान आगे भी चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि जितने भी नेता, कार्यकर्ता सदस्यता रशीद ले गए है वे प्रदेश कार्यालय में शीघ्र जमा कर दें।

स्टूडेंट्स को जोड़ने का लक्ष्य
राजद पूरे झारखंड के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों को भी राजद में जोड़ने का काम करेगी। बैठक में कहा गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी राजद के नीति सिद्धांत को फैलाने का काम करें। प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर पंचायत से प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। जो पदाधिकारी तीन बैठक में शामिल नहीं होंगे वे स्वत: खुद को पदमुक्त समझें। बैठक का संचालन मंजू साह ने किया। बैठक को पूर्व मंत्री राधा कृष्ण किशोर, सुरेश पासवान, पूर्व सांसद घुरन राम, कामेश्वर बैठा, उपाध्यक्ष श्यामदास सिंह, प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, महिला अध्यक्ष रानी कुमारी, लक्ष्मण यादव, गिरधारी यादव, रामदेव यादव, रामनाथ चंद्रवंशी, सदाकत अंसारी, मनोज पांडेय, अरुण यादव, विक्रम यादव, डॉ फणीश्वर यादव, मदन यादव, मुकेश यादव सहित कई नेताओं ने बैठक को संबोधित किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT