logo

बिहार में भीषण सड़क हादसा, आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने कुचला; 6 की मौत

LITE.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास शुक्रवार की रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। छठियार कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे आयोजित आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को गोरखपुर से बेतिया आ रही शाही ट्रैवल्स की बस ने कुचल दिया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कार्यक्रम देख रहे लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में मातम का माहौल है।


हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे में बनकटवा निवासी 70 वर्षीय छांगुर राम, बसवरिया निवासी 45 वर्षीय बहादुर महतो, 28 वर्षीय संजय कुमार, बनकटवा निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार दूबे, 35 वर्षीय देवेन्द्र दूबे समेत छह लोगों की मौत की सूचना है। वहीं घायलों में बनकटवा/बसवरिया निवासी 16 वर्षीय श्याम बाबू कुमार, 18 वर्षीय अजीत कुमार, 50 वर्षीय मोचन महतो और 40 वर्षीय नरेश राम समेत करीब एक दर्जन लोग शामिल बताए गए हैं। सभी घायल बनकटवा और बसवरिया गांव के निवासी बताए गए हैं। बसवरिया परसौनी टोला पंचायत क्षेत्र में आता है।


मृतकों और घायलों की संख्या पर विस्तृत जानकारी का इंतजार
घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासनिक स्तर से विस्तृत और आधिकारिक जानकारी का अभी इंतजार है। 

Tags - West Champaran Lauria Bihar Road Accident Bus Accident Banakatwa Baswaria Shahi Travels