द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आने वाले 4 दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा। राज्य में 17 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 15 और 16 अप्रैल के लिए आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 18 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और तेज धूप के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की मानें तो रविवार और सोमवार को पलामू, गढ़वा, लोहरदगा, लातेहार, गुमला और चतरा को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश हो सकती है। खासतौर पर संताल और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मंगलवार और बुधवार को पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
शनिवार को रांची और अन्य जिलों में बादल और अधखिली धूप के कारण उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जैसे-जैसे बारिश का असर कम होगा, वैसे-वैसे गर्मी में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 अप्रैल के बाद तापमान तेजी से ऊपर जाएगा।
फ्लाइट्स पर मौसम का असर
खराब मौसम की वजह से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। शनिवार को दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट रद्द कर दी गई। कई अन्य उड़ानें भी देर से आईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली के खराब मौसम का असर रांची, पटना और पुणे की उड़ानों पर भी पड़ा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है।