रांची
रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय पार्डी (Pardi) गैंग के पाँच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ये गिरोह झारखंड समेत देश के कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लाखों रुपये की चोरी की गई सोने-चाँदी की ज्वेलरी और नकदी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा के निर्देशन में और सिटी एसपी राज कुमार मीणा के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। बीते कुछ दिनों से रांची और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक विशेष योजना के तहत इन अपराधियों को दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
1. शंकर कन्हैयालाल सोलंकी
2. जूजू , (मध्यप्रदेश)
3. मंगल पार्डी (मध्यप्रदेश)
4. मनीष कटारिया, रामगढ़
5. रोशन कुमार, रामगढ
यह गैंग विशेष रूप से बंद घरों को निशाना बनाता था। ये लोग पहले दिन में रेकी करते और रात में चोरी की घटना को अंजाम देते। गिरोह के सदस्य चोरी करने के लिए विशेष औजारों का उपयोग करते थे, और फिर चोरी का सामान ट्रेन या बस के माध्यम से एमपी भेज देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का कुल 71 ग्राम सोना (अनुमानित मूल्य ₹7,00,000) और 25 ग्राम चाँदी (अनुमानित मूल्य ₹25,000) बरामद किया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार जैसे पेंचकस, रिंच, लोहे का रॉड, प्लास और लॉकेट भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पार्डी गैंग मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड समेत कई राज्यों में सक्रिय है। इनकी कार्यशैली बेहद संगठित है और ये अपने पीछे कोई ठोस सुराग नहीं छोड़ते। रांची पुलिस की यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि वह शहर में संगठित अपराधों के प्रति सजग और तत्पर है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गैंग के और कितने सदस्य रांची या झारखंड के अन्य हिस्सों में सक्रिय हैं। रांची पुलिस द्वारा पकड़े गए इस गैंग के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 457/380/411 और 413 के तहत कार्रवाई की गई है।