logo

झारखंड में आज भी मौसम का असर, सुबह कोहरा और बारिश की संभावना; मंगलवार से मिलेगी राहत

झारखंड में आज भी मौसम का असर, सुबह कोहरा और बारिश की संभावना; मंगलवार से मिलेगी राहत

रांची: 
Jharkhand Weather Update: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड में देखने को मिला। शनिवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 20 विमान सेवाएं रद्द करनी पड़ीं। यानी कुल 40 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान) प्रभावित हुईं। वहीं, तीन विमानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट किया गया। लगातार बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से ठंड और कनकनी बढ़ गई है। हालांकि, आज रविवार को सुबह कोहरा रहने के बाद दिन में धूप निकलने की उम्मीद है, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, जबकि मंगलवार से आसमान साफ होने की संभावना है।

रांची एयरपोर्ट पर 40 उड़ानें रद्द, 3 डायवर्ट
रांची एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण दृश्यता 800 से 1200 मीटर के बीच रही। इससे विमानों के लैंडिंग और टेकऑफ में काफी परेशानी हुई। शनिवार को दिनभर में महज चार विमान ही एयरपोर्ट पर उतर सके। पहले से रद्द 14 उड़ानों के अलावा दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह निर्धारित उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। इससे छह हजार से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, खराब मौसम के कारण इंडिगो की हैदराबाद-रांची और एयर इंडिया की बेंगलुरु-रांची उड़ान को कोलकाता डायवर्ट किया गया। इसके अलावा इंडिगो की अहमदाबाद-रांची-पटना उड़ान को गया भेज दिया गया। दूसरी ओर, ट्रेनों की रैक देर से पहुंचने के कारण रेलवे ने आज यानी रविवार, 22 नवंबर को राउरकेला-भुवनेश्वर इंटरसिटी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है।


बारिश से धान, दलहन और सब्जियों को नुकसान की आशंका
चक्रवात का असर रांची के अलावा कोल्हान, संताल परगना और कोयलांचल के जिलों में भी देखने को मिला। जमशेदपुर में बारिश के कारण सड़कों पर जाम लगा रहा और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। लगातार बारिश से खेतों में तैयार धान की फसल के साथ दलहन, तिलहन और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) की वैज्ञानिक डॉ. प्रज्ञा कुमारी ने किसानों को मौसम सामान्य होने तक धान की कटाई स्थगित रखने की सलाह दी है। वहीं, सब्जियों को बारिश से बचाने के लिए प्लास्टिक से ढककर रखने की अपील की गई है।

आज सुबह कोहरा, 10 बजे के बाद खिल सकती है धूप
बारिश और कोहरे के कारण झारखंड में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, आज रविवार सुबह राज्य के कई इलाकों में कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। इसके बावजूद राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार को भी दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी होने और सुबह धुंध छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद मंगलवार से मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है।

अकवान कमजोर पड़ा, कई राज्यों में कोहरे और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर होकर शनिवार सुबह उत्तरी आंतरिक ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। हालांकि, इसके प्रभाव से कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi AirportCyclone AkvanFlight CancellationRain & Fog