logo

शहीदों व महापुरुषों के साथ भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे : मिथिलेश ठाकुर

MITH000000000000.jpg

गढ़वा
वीर शहीद अब्दुल हमीद की शहादत दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर के मझिआंव मोड़ पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने प्रतिमा का अनावरण किया और वीर शहीद की शहादत को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पूर्व मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूलमालाओं और बुके के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
मौके पर संबोधित करते हुए मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद भारतीय सेना की 4 ग्रेनेडियर यूनिट के जांबाज सिपाही थे। 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान खेमकरण सेक्टर के आसल उत्ताड़ की लड़ाई में उन्होंने अपनी “गन माउंटेड जीप” से पाकिस्तान के अजेय समझे जाने वाले पैटन टैंकों को नष्ट कर दिया था। इसी अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया। ठाकुर ने कहा कि ऐसे शहीदों की वजह से भारत आज भी आज़ाद है और उनका बलिदान हमेशा अमर रहेगा।


उन्होंने कहा कि इद्रिसी समाज की मांग पर विधायक निधि से इस प्रतिमा को स्वीकृति दी गई थी, लेकिन चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के कारण अनावरण नहीं हो सका। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग गढ़वा में अच्छे कार्यों को रोकने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों की जांच करनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झामुमो एक आंदोलन से बनी पार्टी है और शहीदों तथा महापुरुषों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि गढ़वा में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों को कभी कामयाबी नहीं मिलेगी। विधायक पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि वे हिंदू-मुस्लिम की बात करते हैं, लेकिन यह बताना चाहिए कि उन्होंने हिंदुओं के लिए कौन सा कार्य किया है।


अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने का भी ऐलान
इस मौके पर पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा के कुछ लोग शहीद की प्रतिमा लगाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि यदि कोई चाहे तो वे देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भी लगवाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अटल जी की प्रतिमा चाहते हैं, वे आग्रह करें। वह अपनी पूरी राशि से प्रतिमा स्थापित करेंगे और अनावरण भी उन्हीं लोगों से कराएंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों और महापुरुषों में वे कोई भेदभाव नहीं करते।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, जवाहर पासवान, तनवीर आलम, नसीम खलीफा, सरफराज, मदनी खान, नितेश सिंह, फरीद खान, राजेश गुप्ता, चंदन जायसवाल, अनिता दत्त, डॉ. इस्तेयाक, ओबैदुल्लाह हक अंसारी, संतोष केसरी, नारद तिवारी, धनंजय तिवारी, शौकत कुरैशी, ज्योति प्रकाश केशरी, गुप्तेश्वर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News