logo

ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला NH-143 को किया जाम, किशोर की मौत से जुड़ा है मामला

SENHA.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
लोहरदगा-गुमला एनएच 143 ए को लोहरदगा जिला के सेन्हा मुख्यालय में आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम कर दिया है। सड़क जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर दर्जनों यात्री और मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं। मामला बीते 18 जुलाई को सेन्हा में मोहर्रम मेला के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल किशोर के इलाज के दौरान मौत से जुड़ा हुआ है। घायल किशोर का रांची के रिम्स में इलाज चल रहा था। 


बताया जा रहा है कि विगत 18 जुलाई को लोहरदगा जिला के सेन्हा प्रखंड मुख्यालय में मोहर्रम मेला सह अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसी दौरान ढोल बजाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के युवाओं और किशोर के बीच मारपीट की घटना हो गई थी। इस घटना में सेन्हा निवासी जावेद अंसारी के 17 वर्षीय पुत्र दिलकश रजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिलकश को इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया था। जहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार की रात दिलकश की मौत हो गई। जिसके बाद शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 143ए को सेन्हा में जाम कर दिया। 


ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। ग्रामीण आरोपित की त्वरित गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, सेन्हा प्रखंड विकास पदाधिकारी, सेन्हा अंचल अधिकारी, सेन्हा थाना प्रभारी सहित पुलिस-प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक जाम नहीं खुल पाया है।

Tags - Lohardaga News Lohardaga Update Lohardaga News Lohardaga Latest News