द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले में अपराधियों का हौसला एक बार फिर चरम पर पहुंच चुका है। जहां जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुयु गांव में सोमवार सुबह एक युवक की अज्ञात अपराधी ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गुयु गांव निवासी 25 वर्षीय रोहित तिग्गा के रूप में की गई है। 
परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह रोहित अपने घर पर ही था। लेकिन करीब साढ़े छह बजे उसके दो दोस्त उसे घर से बुलाकर बाहर ले गए। जहां रोहित गांव में अपने दोस्तों के साथ बैठकर अलाव ताप रहा था। अलाव तापने के दौरान ही लगभग साढ़े सात बजे, अज्ञात अपराधी ने पीछे से उस पर फायरिंग कर दी।.jpg)
रोहित को गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रोहित को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर गए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
वहीं हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवक को घर से बुलाकर ले जाने वाले दोस्तों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है।