द फॉलोअप, जामताड़ा:
जामताड़ा प्रखंड के आसनहरिया नवाडीह गांव से लापता हुए दो मासूम भाई-बहन का शव मिलने से इलाके में मातम पसर गया है। दोनों बच्चों का शव गांव के पास स्थित एक तालाब में मिला है। मृत बच्चों की पहचान रोशन शेख के 8 वर्षीय बेटे अब्रान शेख और 5 वर्षीय बेटी माहिरा खातून के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शाम करीब 4 बजे घर के पास स्थित आसनहरिया मोड़ पर खेलने के लिए निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। इसी दौरान दोनों बच्चों का शव पास के तालाब में मिलने की जानकारी सामने आई।
गांव में पसरा मातम, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
अब्रान शेख कक्षा एक का छात्र था, जबकि उसकी छोटी बहन माहिरा खातून नर्सरी में पढ़ती थी। दोनों मासूमों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हालांकि, दोनों बच्चे तालाब तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने की मांग की जा रही है।