logo

रिमिक्स फॉल में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, 8 दोस्तों के साथ गये थे घूमने

RIMIX.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
खूंटी जिले के रिमिक्स फॉल में डूबने से दो भाइयों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपने आठ दोस्तों के साथ रिमिक्स फॉल घूमने गये थे। इसी दौरान नहाने के लिए वे झरने के पास चले गये जहां तेज बहाव के कारण वे डूब गये। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय शुभम कुमार सिंह और 13 वर्षीय राज कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों रांची के कोकर स्थित अयोध्यापुरी के रहने वाले थे। उनके पिता संजय कुमार सिंह रांची में एक अखबार में काम करते हैं। 
 

जानकारी के अनुसार, रांची जिले के आठ युवक एक ही कार से घूमने के लिए रिमिक्स वाटरफॉल पहुंचे थे। सभी युवक दोपहर में फॉल के पास नहा रहे थे।इसी दौरान शुभम और राज नदी की तेज धारा में बह गये और गहरे पानी में चले गये। उनके साथ गये अन्य युवकों ने शोर मचाया जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद राज कुमार को बाहर निकालकर बुंडू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम कुमार सिंह का शव चट्टानों के बीच फंसा हुआ था। उसे बाहर निकालने में ग्रामीणों को साढ़े तीन घंटे लग गए।


हादसे की सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना प्रभारी शंकर विश्वकर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से पानी में डूबे युवकों की खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मारंगहादा थाना प्रभारी शंकर विश्वकर्मा ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। उन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने सूचना दी कि दो युवक डूब गए हैं। सूचना मिलने पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।