जमशेदपुर:
वाहन चोरी के बाद उन्हें बेचने की फिराक में घूम रहे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चोरी की 20 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बतायी जा रही है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सूचना थी कि नोवामुंडी थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
इसके बाद किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी शुरू की गई।

किस आरोपी के पास कितनी बाइक मिली
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पूर्वी सिंहभूम के बिरसानगर जोन नंबर-3 निवासी सोनू लोहरा उर्फ भोला (20) तथा पश्चिमी सिंहभूम के छोटानागरा थानाक्षेत्र स्थित टोटोंगढ़ा निवासी राज पुरती (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कुल 20 मोटरसाइकिल बरामद की गयी। सोनू लोहरा की निशानदेही पर नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डुकासाई से पांच बाइक जब्त की गयी। वहीं राज पुरती की निशानदेही पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोटोंगढ़ा गांव से 9 तथा किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से 6 मोटरसाइकिल बरामद हुईं।

दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में आगे भी कार्रवाई की जायेगी।

कार्रवाई में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
इस अभियान में किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनित कुमार किंडो, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार, जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव समेत चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।